क्रिकेट

IPL 2023: 1.5 करोड़ में खरीदा, अब लगातार तीसरे मैच में गरजा KKR के अंग्रेज ओपनर का बल्ला

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 26, 2023, 08:58 PM IST

आईपीएल 2023 के बीच में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेल रहे इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय का बल्ला जमकर हल्ला बोल रहा है। चेन्नई के बाद उन्होंने आरसीबी के खिलाफ भी आतिशी अर्धशतक जड़ दिया है।

Image

जेसन रॉय(साभार IPL/BCCI)

Jason Roy: आईपीएल 2023 के लिए दिसंबर में हुई नीलामी में इंग्लैंड के धाकड़ सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय के हाथ निराशा लगी थी। उन्हें खरीदने में 10 में किसी टीम ने रुचि नहीं दिखाई थी। ऐसे में सीजन के आगाज के बाद चोटों ने उनके लिए लीग के दरवाजे खोल दिए और कोलकाता नाइट ने उन्हें 1.5 करोड़ रुपये के बेस प्राइज पर अपनी टीम में शामिल कर लिया। आईपीएल के 16वें सीजन में खेलने का मौका मिलते ही जेसन रॉय ने अपने बल्ले उन सभी को जवाब दे दिया जो उन्हें चुका हुआ मान रहे थे।

दिल्ली और चेन्नई के खिलाफ किया था धमाल

आईपीएल 2023 में पहली बार दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बल्लेबाजी करने उतरे जेसन रॉय ने 39 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 43 रन जड़ दिए। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में नंबर पांच पर बल्लेबाजी करते हुए रॉय ने अपने बल्ले का दम दिखाया। रॉय ने इस मैच में 19 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और 26 गेंद में 5 चौके और 5 छक्के की मदद से 61 रन की आतिशी पारी खेलकर पवेलियन लौटे।

आरसीबी के खिलाफ भी बोला बल्ला

जेसन रॉय का ये आतिशी फॉर्म बुधवार को आरसीबी के खिलाफ बेंगलुरू में भी जारी रहा। उन्होंने विराट कोहली की टीम के खिलाफ आतिशी आगाज करते हुए 22 गेंद में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा कर लिया। 29 गेंद में 4 चौके और 5 छक्के की मदद से रॉय ने 56 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी का अंत विजय कुमार व्यसाक ने कर दिया। रॉय बोल्ड होकर पवेलियन लौटे।

शाहबाज अहमद की गेंदों की उड़ाई धज्जियां

रॉय ने पॉवरप्ले में धमाकेदार बल्लेबाजी की। उन्होंने शुरुआती 6 ओवर में 66 रन एन जगदीशन के साथ मिलकर जोड़े। पॉवरप्ले के आखिरी ओवर में उन्होंने बांए हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद के खिलाफ हल्ला बोल दिया और एक ओवर में 4 छक्कों की मदद से कुल 25 रन बटोर लिए। ओवर की दूसरी गेंद पर वो स्ट्राइक पर आए और लगातार तीन छक्के जड़े। आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर उन्होंने ओवर का अंत किया।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article