क्रिकेट

IPL 2023: जोशुआ लिटिल ने रचा इतिहास, बने आईपीएल में ये उपलब्धि हासिल करने वाले पहले आयरिश प्लेयर

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 29, 2023, 10:28 PM IST

आईपीएल में अपने बेस प्राइज की नौ गुना कीमत पर बिकने वाले आयरिश खिलाड़ी ने शनिवार को आईपीएल इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है।

Image

जोशुआ लिटिल(साभार IPL/BCCI)

Josh Little, Player of The Match: आईपीएल में खेलने वाले पहले आयरिश खिलाड़ी जोशुआ लिटिल ने शनिवार को अपने नाम एक और उपलब्धि कर ली। गुजरात जायंट्स की ओर से खेल रहे आयरलैंड के 23 वर्षीय तेज गेंदबाज जोशुआ लिटिल को केकेआर के खिलाफ जीत के बाद प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया और वो ये अवार्ड जीतने वाले पहले आयरिश प्लेयर भी बन गए।

केकेआर को दोहरे झटके देकर पलटा मैच

लिटिल ने शनिवार को अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर केकेआर को एक ही ओवर में दो झटके दिए। उन्होंने 11वें ओवर की पहली गेंद पर फॉर्म में चल रहे वेंकटेश अय्यर को और तीन गेंद बाद नीतीश राणा को चलता कर दिया। उनके इस ओवर की वजह से केकेआर का स्कोर अचानक 82 रन पर 2 विकेट से 88 रन पर 4 विकेट हो गया। लिटिल के ये दो विकेट मैच में अहम साबित हुए। इसने कोलकाता की टीम की रीढ़ तोड़ दी और उन्हें 200 रन के स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

4.4 करोड़ की मोटी कीमत पर हुए थे नीलाम

50 लाख रुपये के बेस प्राइज के साथ आईपीएल 2023 की नीलामी में उतरे लिटिल को गुजरात ने 4.4 करोड़ रुपये की मोटी कीमत पर अपने खेमे में शामिल किया था। उन्हें खेमे में शामिल करने के लिए गुजरात और लखनऊ के बीच कड़ी टक्कर हुई थी। देखते देखते उनकी कीमत 9 गुना बढ़ गई। इन दो के अलावा अन्य किसी टीम ने लिटिल को खरीदने में रुचि नहीं दिखाई थी।

अबतक चटकाए हैं 6 मैच में 5 विकेट

लिटिल ने 6 मैच की 6 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 37.40 के औसत और 8.50 की इकोनॉमी के साथ कुल 5 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कोलकाता के खिलाफ इडेन गार्डन्स में शनिवार को किया। 4 ओवर में उन्होंने 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने आईपीएल 2023 के पहले मुकाबले में डेब्यू किया था। अंबाती रायुडू उनका पहला शिकार बने थे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article