MS Dhoni singing video: आईपीएल 2023 में अपनी टीम को लगातार अच्छा प्रदर्शन कराते हुए अंक तालिका में शीर्ष तक ले जा चुके चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ मैदान ही नहीं, उसके बाहर भी सुर्खियां बटोरते रहते हैं। धोनी बेशक इस समय अपनी बल्लेबाजी का इतना जादू नहीं बिखेर पा रहे हैं लेकिन मैदान पर उनको लेकर दीवानगी आज भी पहले जैसी ही है और सोशल मीडिया पर भी यही हाल है। तभी तो उनका एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है जिसमें वो गाना गाते नजर आ रहे हैं।
धोनी का ये वीडियो नया है या पुराना, ये तो कहना मुश्किल है क्योंकि उनकी हेयरस्टाइल काफी अलग नजर आ रही है, लेकिन माही का कोई भी वीडियो वायरल होता है तो वो उनके करोड़ों फैंस के लिए नया ही होता है। इस वीडियो में धोनी सोफा पर बैठे हुए हैं और गाना गाते दिख रहे हैं। वो मुकेश के सुपरहिट गाने 'पल दो पल का शायर' को गुनगुना रहे हैं।
इस वीडियो को देखने के बाद कुछ फैंस तो बेहद खुश नजर आए, जबकि कुछ भावुक भी दिखाई दिए। दरअसल, काफी चर्चा है कि ये धोनी का अंतिम आईपीएल सीजन हो सकता है, हालांकि धोनी ने अभी तक इस पर कुछ नहीं कहा है।
चेन्नई सुपर किंग्स के प्रदर्शन की बात करें तो मौजूदा सीजन में अब तक खेले गए 7 मुकाबलों में चेन्नई की टीम ने 5 मैच जीते हैं और सिर्फ दो मैच गंवाए हैं जिसके साथ ही वो अंक तालिका में शीर्ष पर हैं।
