क्रिकेट

TATA IPL 2023: सबसे सफल टीम मुंबई का फ्लॉप शो जारी, चेन्नई ने घर में घुसकर दी बड़ी मात

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated Apr 8, 2023, 11:15 PM IST

TATA IPL 2023, MI vs CSK : मुंबई इंडियंस की टीम होम ग्राउंड पर भी कमाल दिखाने में नाकाम रही। शनिवार को खेले गए चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराया। चेन्नई की यह लगातार दूसरी जीत है।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी। (फोटो - IPL/BCCI)

TATA IPL 2023, MI vs CSK : आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस का आईपीएल के 16वें सीजन में फ्लॉप शो जारी है। शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए पहले एल क्लासिको यानी मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबले में ज्यादा रोमांच देखने को नहीं मिला। मुंबई की टीम होम ग्राउंड पर खेलने उतरी थी, लेकिन उसके बाद भी कमाल दिखाने में सफल नहीं रही। धोनी की सेना ने मुंबई को होम ग्राउंड पर 07 विकेट से मात दी।

  • चेन्नई ने मुंबई को होम ग्राउंड पर सात विकेट से हराया। मुंबई ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 157 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी चेन्नई ने 11 गेंद शेष रहते हुए तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
  • मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा का फ्लॉप शो जारी है। वे चेन्नई के खिलाफ भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। रोहित ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं रूक पाए। रोहित ने 13 गेंदों पर 161.53 की स्ट्राइक रेट से तीन चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाए।
  • चेन्नई के खिलाफ इशान किशन का बल्ला पहले गेंद से चला। उन्होंने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए। इशान ने 152.38 की स्ट्राइक रेट से 21 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से सबसे ज्यादा 32 रन बनाए।
  • सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए टिम डेविड ने टीम के लिए अच्छी पारी खेली। डेविड ने 140.90 की स्ट्राइक रेट से 22 गेंदों पर एक चौका और दो लंबे छक्क की मदद से 31 रन बनाए। टिम डेविड को तुषार देशपांडे ने अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच आउट कराया।
  • चेन्नई के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का मुंबई के खिलाफ कहर देखने को मिला। जडेजा ने कुल 4 ओवर किए, जिसमें उन्होंने महज 20 रन देकर सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।
  • मुंबई के खिलाफ तुषार देशपाडे और मिचेल सेंटनर भी विकेट लेने में सफल रहे। तुषार देशपांडे ने तीन ओवर में 31 रन देकर दो विकेट लिए। इसी तरह मिचेल सेंटनर ने भी 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए। चेन्नई के लिए पहला मैच खेल रहे सिसंडा मगाला ने भी 37 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया।
  • चेन्नई के लिए पहला मैच खेल रहे अजिंक्य रहाणे ने अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 225.92 की स्ट्राइक रेट से 27 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्के की मदद से 61 रन बनाए। यह उनका आईपीएल में 29वां अर्धशतक है।
  • शुरुआती दो मैचों में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले रुतुराज गायकवाड़ ने तीसरे मैच में भी शानदार पारी खेली। रुतुराज ने 111.11 की स्ट्राइक रेट से 36 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 40 रन की नाबाद पारी खेली।
  • मुंबई के इम्पैक्ट खिलाड़ी कुमार कार्तिकेय ने चेन्नई के खिलाफ असर दिखाया। कार्तिकेय ने 4 ओवर में 24 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। टिम डेविड की जगह उनको टीम में शामिल किया गया था।
  • जेसन बेहरेनडॉर्फ और पीयूष चावला भी विकेट लेने में सफल रहे। जेसन बेहरेनडॉर्फ ने 3 ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिए। इसी तरह पीयूष चावला ने कुल 4 ओवर में 33 रन देकर एक विकेट चटकाए।
शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article