आईपीएल 2023 में लखनऊ सुपर जाइंट्स के फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। दरअसल तेज गेंदबाज मार्क वुड जिसकं पंजे से टीम को अपने पहले ही मुकाबले में जीत मिली थी, वह आईपीएल के दूसरे लेग में बाहर हो सकते हैं। इस खबर ने न केवल लखनऊ के फैंस की बल्कि टीम की भी मुश्किलें बढ़ा दी है। पिछला मुकाबला नाटकीय ढंग से गंवाने के बाद इस खबर ने टीम को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि अगर ऐसा होता है तो उनको रिप्लेस कौन करेंगे?
वुड के न खेलने का कारण
लखनऊ की तेज गेंदबाजी आक्रमण को लीड करने वाले मार्क वुड अगले महीने अपने बच्चे के जन्म के कारण स्वदेश लौटेंगे यही कारण है कि वह इंडियन प्रीमियर लीग के अंतिम चरण में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अब तक सुपर जाइंट्स की ओर से चार मैच में 11 विकेट चटकाए हैं और इस दौरान 8.12 रन प्रति ओवर की दर से रन दिए। वह हालांकि बीमार होने के कारण टीम के पिछले दो मैच में नहीं खेल पाए।
‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ की खबर के अनुसार, ‘वुड और उनकी पत्नी मई के अंत में दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं और बच्चे के जन्म के समय मौजूद रहने के लिए वुड आगामी हफ्तों में किसी समय स्वदेश लौटेंगे।’ आईपीएल क्वालीफायर 23 और 26 मई को खेले जाएंगे जबकि फाइनल 28 मई को होगा।
इंग्लैंड को आईपीएल फाइनल के तुरंत बाद एक जून से लार्ड्स में आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलना है।
हालांकि, वुड इंग्लैंड के अकेले ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं बल्कि इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स भी इससे पहले कह चुके हैं कि इस मुकाबले की तैयारी के लिए वह आईपीएल के अंतिम चरण से बाहर रह सकते हैं। बेन स्टोक्स फिलहाल चोट के कारण सीएसके से बाहर चल रहे हैं और उनकी वापसी को लेकर कोई भी खबर नहीं है।
