क्रिकेट

IPL 2023, GT vs KKR Match Preview: केकेआर के खिलाफ गुजरात टाइटंस की नजरें जीत की हैट्रिक पर, जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें

  • Agency by: Agency
  • Updated Apr 9, 2023, 07:30 AM IST

Gujarat Titans vs Kolkata Knight Riders, IPL 2023, Match Preview: डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात जायंट्स रविवार को खेले जाने सीजन के तीसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को पटखनी देकर जीत की हैट्रिक पूरी करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

Image

आईपीएल 2023, गुजरात टाइटन्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, मैच प्रीव्यू (साभार IPL/BCCI)

GG vs KKR, Gujarat Titans vs Kolkata Knight Riders: गत चैम्पियन गुजरात टाइटंस आईपीएल के मैच में रविवार को जब कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी तो उसका इरादा जीत की हैट्रिक लगाने का होगा जबकि पिछले मैच में आरसीबी को हराने के बाद केकेआर जीत की लय कायम रखना चाहेगी।

जीत की हैट्रिक पूरी करने पर होगी गुजरात की नजर

गुजरात टाइटंस को घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा तो मिलेगा ही,साथ ही उसके पास मैच विनर्स की कमी नहीं है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले मैच में युवा शुभमन गिल ने 36 गेंद में 63 रन बनाकर पांच विकेट से रोमांचक जीत दिलाई तो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ साई सुदर्शन ने 48 गेंद में 62 रन बनाये। फॉर्म में चल रहे दोनों युवा बल्लेबाजों , कप्तान हार्दिक पांड्या और मोहम्मद शमी की तेज गेंदबाजी और अफगानिस्तान के राशिद खान की शानदार स्पिन गेंदबाजी का सामना करना केकेआर के लिये आसान नहीं होगा।

शानदार फॉर्म में है गिल और साहा की जोड़ी

गिल इस साल तीनों प्रारूपों में शतक बना चुके हैं और रनों की उनकी भूख कम नहीं हुई है। सलामी बल्लेबाज रिद्धिमान साहा के रूप में उन्हें अच्छा जोड़ीदार मिला है और यह जोड़ी आईपीएल में किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की बखिया उधेड़ सकती है। अभी तक सिर्फ सात प्रथम श्रेणी मैच खेल चुके सुदर्शन ने तमिलनाडु के लिये दो शतक बनाये हैं। आईपीएल से उन्हें टी20 प्रारूप में भी अपना हुनर दिखाने का मौका मिला है।

शमी की पॉवरप्ले में गेंदबाजी है चिंता का विषय

राहुल तेवतिया चौके छक्के लगाने में ही विश्वास करते हैं और राशिद पिछले साल ही अपनी बल्लेबाजी का नमूना भी पेश कर चुके हैं। डेविड मिलर ने दिल्ली के खिलाफ 16 गेंद में 31 रन बनाकर अपना फॉर्म जाहिर कर दिया था। गेंदबाजों में शमी, राशिद और अलजारी जोसेफ के पास अनुभव है। शमी दो मैचों में पांच विकेट ले चुके हैं लेकिन पावरप्ले के ओवरों में उन्हें रन रोकने होंगे।

जेसन रॉय की कैसे होगी केकेआर की एकादश में एंट्री?

दूसरी ओर केकेआर ने नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर के चोटिल होने और बांग्लादेश के हरफनमौला शाकिब अल हसन के नाम वापिस लेने के बाद जेसन रॉय को टीम में शामिल किया। अफगानिस्तान के युवा विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज की उम्दा बल्लेबाजी के बाद अब देखना होगा कि जेसन के लिये कहां जगह बनती है ।

शार्दुल ने दिलाई थी पिछले मैच में जीत

गुरबाज ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 22 रन बनाये थे और आरसीबी के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करके टीम को 200 के पार स्कोर दिया था । आरसीबी के खिलाफ 81 रन से मिली जीत में शार्दुल ठाकुर ने हरफनमौला प्रदर्शन किया और दिल्ली के युवा गेंदबाज सुयश शर्मा ने 30 रन देकर तीन विकेट लिये । स्पिनर वरूण चक्रवर्ती ने 15 रन देकर चार विकेट लिये जबकि सुनील नारायण ने दो विकेट चटकाये । इससे केकेआर का मनोबल जरूर बढा होगा और कार्यवाहक कप्तान नितिश राणा का हौसला भी ।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

गुजरात टाइटन्स:

हार्दिक पांड्या (कप्तान), शुभमन गिल, कोना भरत, रिद्धिमान साहा, राहुल तेवतिया, अभिनव मनोहर, मोहम्मद शमी, प्रदीप सांगवान, आर साई किशोर, विजय शंकर, साई सुदर्शन, राशिद खान, शिवम मावी, मैथ्यू वेड, ओडियन स्मिथ, उर्विल पटेल, दर्शन नालकंडे, डेविड मिलर (पहले 2 मैचों में उपलब्ध नहीं),यश दयाल, जयंत यादव, नूर अहमद और अल्जारी जोसेफ।

कोलकाता नाइट राइडर्स:

नीतीश राणा (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, वेंकटेश अय्यर, आंद्रे रसेल, सुनील नारायण, शार्दुल ठाकुर, लॉकी फर्ग्यूसन, उमेश यादव, टिम साउदी, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, अनुकुल रॉय, रिंकू सिंह, एन. जगदीशन, वैभव अरोड़ा, सुयश शर्मा, डेविड वीजे, कुलवंत खेजरोलिया, लिट्टन दास और मनदीप सिंह।

मैच का समय: मैच दोपहर 3.30 बजे से खेला जाएगा।

End of Article