क्रिकेट

Today in IPL 2023, CSK vs PBKS Preview: आज का पहला मुकाबला चेन्नई और पंजाब के बीच, जानिए इस मैच की खास बातें

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 30, 2023, 05:30 AM IST

IPL 2023, CSK vs PBKS Match Preview: आईपीएल 2023 में सुपर संडे के दिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहली मुकाबला दोपहर 3.30 बजे से खेला चेन्नई में जाएगा। ये मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाना है। आइए जानते हैं कि इस मैच में कैसा है दोनों टीमों का संयोजन। ये मुकाबला चेन्नई के एमएस चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाना है।

Image

चेन्नई सुपर किंग्स बनाम पंजाब किंग्स, मैच प्रीव्यू(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • आज खेला जाएगा सीएसके और पंजाब के बीच आईपीएल 2023 का 41वां मुकाबला
  • चेन्नई के चेपक स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच होगी भिड़ंत
  • धोनी की कप्तानी वाली टीम का पलड़ा है भारी

IPL Match Today, CSK vs PBKS: चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल में रविवार को होने वाले मुकाबले में स्पिनरों का दबदबा रहेगा और इसमें मेजबान टीम का पलड़ा भारी दिख रहा है। दोनों टीमों को पिछले मैच में पराजय का सामना करना पड़ा है। चेन्नई को राजस्थान रॉयल्स ने 32 रन से हराया तो पंजाब किंग्स को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने 56 रन से शिकस्त दी।

चेन्नई में बोलती है स्पिनर्स की तूती

चेन्नई हालांकि अब अपने घरेलू मैदान पर खेलेगी जहां स्पिनरों की तूती बोलती है और महेंद्र सिंह धोनी जैसा चतुर कप्तान पंजाब को फिरकी के जाल में फंसाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। राजस्थान के खिलाफ जयपुर में 203 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई के बल्लेबाज दबाव में आ गए। फॉर्म में चल रहे डेवोन कॉन्वे भी कुछ नहीं कर पाये। कॉन्वे के अलावा चेन्नई के लिये इस सत्र में रुतुराज गायकवाड़, अजिंक्य रहाणे और शिवम दुबे ने रन बनाये हैं। रविंद्र जडेजा के बल्ले की खामोशी चेन्नई की चिंता का सबब जरूर है लेकिन इस हरफनमौला ने शानदार गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण से वह कमी पूरी कर दी है।

धोनी फिर जताएंगे इस तिकड़ी पर भरोसा

शायद अपना आखिरी आईपीएल खेल रहे धोनी पर सभी की नजरें होंगी। पीली जर्सी में मैदान में मौजूद प्रशंसक उनकी बल्लेबाजी देखना चाहेंगे। चेन्नई इस मैच में भी जडेजा,महीष तीक्ष्णा और मोईन अली के रूप में तीन तरफा स्पिन आक्रमण उतार सकता है। तेज गेंदबाजी में दीपक चाहर की गैर मौजूदगी में तुषार देशपांडे ने 14 विकेट लिये हैं हालांकि उनका इकॉनामी रेट 12.57 रहा है। युवा आकाश सिंह और मतीशा पथिराना से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। चेन्नई की टीम में ज्यादा बदलाव नहीं होते हें लेकिन चोट से उबर चुके इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स की वापसी हो सकती है।

पंजाब की टीम का रहा है उतार चढ़ाव भरा प्रदर्शन

दूसरी ओर पंजाब की समस्या प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव है। कप्तान शिखर धवन की वापसी का भी कोई फायदा नहीं हुआ। धवन , प्रभसिमरन सिंह और अथर्व तायडे को रन बनाने होंगे। धवन की गैर मौजूदगी में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कप्तानी करने वाले सैम कुरेन ने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावित किया था। पिछले मैच में लखनऊ सुपर जाइंट्स के बल्लेबाजों के हाथों बुरी तरह पिटे अर्शदीप सिंह और कगिसो रबाडा लय में लौटने की कोशिश करेंगे।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

चेन्नई सुपर किंग्स:

एमएस धोनी (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, रुतुराज गायकवाड, अंबाती रायुडू, सुभ्रांशु सेनापति, मोईन अली, शिवम दूबे, राजवर्धन हेंगरगेकर, ड्वेन प्रिटोरियस, मिचेल सेंटनर, रविंद्र जडेजा, तुषार देशपांडे, मथीषा पथिराना, सिमरजीत सिंह, दीपक चाहर, प्रशांत सोलंकी, महीश तीक्ष्णा, अजिंक्य रहाणे, बेन स्टोक्स, शेख रशीद, निशांत सिंधु, सिसंदा मगाला, अजय मंडल, भगत वर्मा, आकाश सिंह।

पंजाब किंग्स:

शिखर धवन (कप्तान), अर्शदीप सिंह, बलतेज सिंह, राहुल चाहर, सैम कुरेन, ऋषि धवन, नेथन एलिस, गुरनूर बराड़, हरप्रीत बराड़, हरप्रीत सिंह, विद्वाथ कावेरप्पा, लियाम लिविंगस्टोन, मोहित राठी, प्रभसिमरन सिंह, कगिसो रबाडा , भानुका राजपक्षे, एम शाहरुख खान, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम सिंह, मैथ्यू शॉर्ट, सिकंदर रजा, अथर्व तायडे।

मैच का समय : दोपहर 3.30 से ।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article