IPL 2023, DC vs MI, Rohit Sharma fifty: आईपीएल 2023 में आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर मेजबान दिल्ली कैपिटल्स और पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस के बीच मैच खेला गया। बार-बार हार झेलकर यहां खेलने आईं दोनों टीमों को किसी भी हाल में जीत की पटरी पर लौटना था और ये काम किया मुंबई इंडियंस ने। इस दौरान ना सिर्फ मुंबई इंडियंस शानदार प्रदर्शन करती नजर आई बल्कि रोहित शर्मा का भी आईपीएल फॉर्म दो साल बाद पटरी पर लौटा।
रोहित शर्मा (IPLT20/BCCI)
मुकाबले में दिल्ली की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में डेविड वॉर्नर (51) और अक्षर पटेल (54) की पारियों के दम पर 172 रनों का स्कोर खड़ा किया। अब मुंबई के सामने चुनौती थी कि अगर उसे जीत के ट्रैक पर लौटना है तो वो किसी भी तरह 173 रनों का लक्ष्य हासिल करें।
साझेदारियों और शानदार पारी
मुंबई की टीम के लिए ये काम कर दिखाया उनके कप्तान रोहित शर्मा ने। हिटमैन के नाम से मशहूर इस दिग्गज कप्तान ओपनर ने आज आते ही अपने तेवर साफ कर दिए थे। पहले रोहित ने ईशान किशन (31) के साथ पहले विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की। उन्होंने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद भी वो थमे नहीं और धुआंधार बल्लेबाजी जारी रखी और दूसरे विकेट के लिए तिलक वर्मा (41) के साथ 68 रनों की पार्टनरशिप को अंजाम दिया। रोहित शर्मा 17वें ओवर में विकेटकीपर पोरेल के एक शानदार कैच का शिकार हुए। उससे पहले उन्होंने 45 गेंदों में 65 रनों की पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 6 चौके शामिल रहे।Effortless! The Rohit-Sharma pickup shot ✨🤌FIFTY partnership up for the opening wicket 🙌#TATAIPL | #DCvMI |… t.co/qUFG57tMj6
— ANI (@ANI) Apr 11, 2023
दो साल बाद दिखा ये नजारा
रोहित शर्मा ने आखिरी बार आईपीएल 2021 में अर्धशतक जड़ा था। उनको आईपीएल में अर्धशतक जड़ने के लिए 25 पारियों का इंतजार करना पड़ा और आखिरकार मुंबई के हिटमैन लय में लौट आए।दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आज (मंगलवार) अरुण जेटली स्टेडियम में लगाया गया अर्धशतक उनके आईपीएल करियर का 41वां पचासा साबित हुआ। आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वालों की लिस्ट में रोहित शर्मा इस समय डेविड वॉर्नर (6090) के बेहद करीब चौथे नंबर पर हैं। रोहित अब तक आईपीएल में 5966 रन बना चुके हैं।
