क्रिकेट

Rohit Sharma: दो साल बाद आईपीएल में गरजा 'हिटमैन' रोहित शर्मा का बल्ला

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 11, 2023, 11:01 PM IST

IPL 2023, DC vs MI, Rohit Sharma half-century: आईपीएल 2023 में रोहित शर्मा उन खिलाड़ियों में गिने जाते हैं जो सर्वाधिक रन बनाने वालों की टॉप-5 लिस्ट में हमेशा मौजूद रहते हैं। लेकिन पिछले दो साल से उनका बल्ला इस टूर्नामेंट में शांत था। अब जाकर आज रोहित शर्मा ने इस सूखे को समाप्त कर दिया।

Image

रोहित शर्मा (IPLT20/BCCI)

IPL 2023, DC vs MI, Rohit Sharma fifty: आईपीएल 2023 में आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर मेजबान दिल्ली कैपिटल्स और पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस के बीच मैच खेला गया। बार-बार हार झेलकर यहां खेलने आईं दोनों टीमों को किसी भी हाल में जीत की पटरी पर लौटना था और ये काम किया मुंबई इंडियंस ने। इस दौरान ना सिर्फ मुंबई इंडियंस शानदार प्रदर्शन करती नजर आई बल्कि रोहित शर्मा का भी आईपीएल फॉर्म दो साल बाद पटरी पर लौटा।

मुकाबले में दिल्ली की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में डेविड वॉर्नर (51) और अक्षर पटेल (54) की पारियों के दम पर 172 रनों का स्कोर खड़ा किया। अब मुंबई के सामने चुनौती थी कि अगर उसे जीत के ट्रैक पर लौटना है तो वो किसी भी तरह 173 रनों का लक्ष्य हासिल करें।

साझेदारियों और शानदार पारी

मुंबई की टीम के लिए ये काम कर दिखाया उनके कप्तान रोहित शर्मा ने। हिटमैन के नाम से मशहूर इस दिग्गज कप्तान ओपनर ने आज आते ही अपने तेवर साफ कर दिए थे। पहले रोहित ने ईशान किशन (31) के साथ पहले विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की। उन्होंने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद भी वो थमे नहीं और धुआंधार बल्लेबाजी जारी रखी और दूसरे विकेट के लिए तिलक वर्मा (41) के साथ 68 रनों की पार्टनरशिप को अंजाम दिया। रोहित शर्मा 17वें ओवर में विकेटकीपर पोरेल के एक शानदार कैच का शिकार हुए। उससे पहले उन्होंने 45 गेंदों में 65 रनों की पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 6 चौके शामिल रहे।

दो साल बाद दिखा ये नजारा

रोहित शर्मा ने आखिरी बार आईपीएल 2021 में अर्धशतक जड़ा था। उनको आईपीएल में अर्धशतक जड़ने के लिए 25 पारियों का इंतजार करना पड़ा और आखिरकार मुंबई के हिटमैन लय में लौट आए।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आज (मंगलवार) अरुण जेटली स्टेडियम में लगाया गया अर्धशतक उनके आईपीएल करियर का 41वां पचासा साबित हुआ। आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वालों की लिस्ट में रोहित शर्मा इस समय डेविड वॉर्नर (6090) के बेहद करीब चौथे नंबर पर हैं। रोहित अब तक आईपीएल में 5966 रन बना चुके हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article