क्रिकेट

INDW vs AUSW 1st T20I: टी20 सीरीज में टीम इंडिया की विजयी शुरुआत, ऑस्ट्रेलिया को दी 9 विकेट से मात

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 5, 2024, 10:48 PM IST

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज में जीत के साथ शुरुआत की है। जानिए कैसा रहा मैच का हाल?

Image

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा(साभार BCCI Women)

मुंबई: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की वनडे सीरीज में 0-3 के अंतर से हार का सामना करने के बाद भारतीय महिला टीम ने टी20 सीरीज में विजयी आगाज किया है। भारतीय टीम ने तितास साधु की शानदार गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलियाई टीम को 141 रन पर ढेर कर दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 142 रन के लक्ष्य को 14 गेंद और 9 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।

मंधाना और शेफाली वर्मा के बीच हुई शतकीय साझेदारी

स्मृति मंधाना अर्धशतकीय और शेफाली वर्मा की नाबाद अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 9 विकेट रहते हासिल कर लिया। मंधाना ने 52 गेंद में 54 रन की पारी खेली। वहीं शेफाली वर्मा ने 44 गेंद में 64 रन की नाबाद पारी खेली। पहले विकेट के लिए मंधाना और वर्मा के बीच 137 रन की साझेदारी हुई। वर्मा के साथ अंत में टीम को जीत दिलाकर जेमिमा रोड्रिग्ज भी नाबाद पवेलियन लौटीं उन्होंने 6 रन बनाए।

तितास साधु ने की शानदार गेंदबाजी

भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं को अच्छी शुरुआत नहीं करने दी। बेथ मूनी 28 के स्कोर पर तितास साधु की गेंद पर कैच आउट हो गईं। उन्होंने 17 रन बनाए। इसके चार गेंद बाद कप्तान एलिसा हीली को रेणुका सिंह ने हरमनप्रीत कौर के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। हीली ने 8 रन बनाए। इसी स्कोर पर साधु ने ताहिला मैक्ग्रा के रूप में तीसरा झटका भी दे दिया। 33 के स्कोर पर साधु ने एश्ली गार्डनर का कैच फॉलो थ्रू में लपक लिया लगातार दूसरी गेंद पर लपका। वो भी अपना खाता नहीं खोल सकीं।

तितास साधु ने झटके 4 विकेट

33 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद अनुभवी एलिसा पैरी ने फीबी लिचफील्ड के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन अमरजोत कौर ने 112 के स्कोर पर लिचफील्ड को अर्धशतक पूरा करने नहीं दिया। हरमनप्रीत ने लिचफील्ड का कैच लपक लिया। इसके बाद फिर से ऑस्ट्रेलिया के विकेटों की झड़ी लग गई। देखते देखते पूरी टीम 19.2 ओवर में 141 रन पर ढेर हो गई। एलिसा पैरी ने 37 रन की पारी खेली। तितास साधु ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए।

टीम इंडिया ने 9 विकेट से जीता मैच

जीत के लिए 142 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी करके टीम की जीत पक्की कर दी। मंधाना 54 रन बनाकर जॉर्जिया वेयरहेम का शिकार बनीं लेकिन दूसरे छोर पर शेफाली टिकी रहीं और 64 रन की आतिशी पारी खेलकर नाबाद पवेलियन वापस लौटीं। शेफाली ने अपनी पारी में 6 चौके और तीन छक्के जड़े। जेमिमा रोड्रिग्ज 6 रन बनाकर नाबाद रहीं। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article