फिर वही कहानी: भारतीय महिला टीम के लगातार नॉकआउट में बाहर होने से उठे सवाल

  • Agency by: Agency
  • Updated Feb 24, 2023, 10:22 PM IST

India women cricket team under scanner: भारतीय महिला क्रिकेट टीम गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल में 5 रन से हारी। बेशक हार का अंतर काफी छोटा था लेकिन फिर भी टीम के लिए आलोचनाओंं का दौर शुरू हो चुका है और एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

तरीका अलग हो सकता है लेकिन कहानी वही है। लंदन, मेलबर्न, बर्मिंघम और अब केपटाउन में वही कहानी दोहराई गई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ट्रॉफी तक पहुंचने से पहले ही नॉकआउट में बाहर हो गई। दक्षिण अफ्रीका में चल रहे आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों जीत की स्थिति में होने के बावजूद पांच रन की हार ने भारतीय महिला टीम को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ind women

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (AP)

वनडे विश्वकप 2017 के फाइनल में पहुंचने से भारत ने महिला क्रिकेट में क्रांति ला दी थी। उम्मीद की जा रही थी कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब इससे एक कदम आगे बढ़ेगी और ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत को चुनौती देगी, लेकिन छह साल बाद भी कहानी में कोई बदलाव नहीं हुआ। भारत गुरुवार को केपटाउन में जीत की दहलीज पर पहुंच गया था लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर के रन आउट होने से पूरी कहानी बदल गई और टीम को ऐसी हार मिली जिसे खिलाड़ी वर्षों तक नहीं भुला पाएंगे।

End of Feed