क्रिकेट

भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास, इंग्लैंड को रौंदकर जीता अंडर-19 टी20 विश्व कप खिताब

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jan 29, 2023, 08:34 PM IST

शेफाली वर्मा की कप्तानी वाली भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को इतिहास रच दिया और इंग्लैंड को पटखनी देकर पहली बार किसी विश्व खिताब पर कब्जा कर लिया।

Image

अंडर-19 विश्व कप चैंपियन भारतीय महिला टीम(साभार BCCI)

U19 T20 World Cup 2023 Champion: शेफाली वर्मा की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम ने पहले अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड को 7 विकेट से मात देकर इतिहास रच दिया। जीत के लिए मिले 69 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 14 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारतीय महिला टीम का यह किसी भी स्तर पर पहला विश्व खिताब है। इससे पहले भारतीय महिला टीम तीन बार विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी लेकिन तीनों बार खिताबी जीत से चूक गई थी। लेकिन शेफाली वर्मा की कप्तानी वाली टीम ने इतिहास रच दिया। सौम्या तिवारी ने विजयी रन बनाया। वो 24(37) रन बनाकर नाबाद रहीं।

खराब रही भारत की शुरुआत

खिताबी जीत के लिए 69 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर कप्तान शेफाली वर्मा 11 गेंद में 15 रन बनाकर लपकी गईं। इसके बाद भारत को दूसरा झटका पारी के चौथे ओवर की चौथी गेंद पर श्वेता सेहरावत के रूप में लगा। श्वेता स्कीवेंस की गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश में शॉर्ट फाइन लेह पर लपकी गईं। उन्होंने 5(6) रन बनाए। इसके साथ ही भारत का स्कोर 20 रन पर 2 विकेट हो गया।

तिवारी और गोंगड़ी की जोड़ी ने लिखी जीत की इबारत

सौम्या तिवारी और गोंगड़ी शिखा ने भारतीय टीम की जीत की इबारत लिखी। 2 विकेट 20 रन बनाने के बाद भारतीय पारी को संभाल लिया लेकिन जीत से तीन रन दूर तृषा ने बड़ा शॉट लगाकर जीत दिलाने की नाकाम कोशिश करती हुई बोल्ड हो हईं। उन्होंने 24 रन बनाए। इसके बाद तिवारी का साथ देने हर्षिता बासू उतरीं और भारत को जीत दिलाकर वापस पवेलियन लौटीं।

68 रन पर ढेर हुई इंग्लैंड की टीमटॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने इंग्लिश टीम को 17.1 ओवर में महज 68 रन पर ढेर कर दिया। भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपाया और इंग्लैंड के बल्लेबाजों को पिच पर पैर नहीं जमाने दिए। भारतीय गेंदबाजों के कहर के सामने इंग्लैंड की सात बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाईं। रेयाना मैकडोनाल्ड इंग्लैंड की सबसे सफल बल्लेबाज रहीं। उन्होंने 19 रन बनाए। वहीं एलेक्सा स्टोन हाउस और सोफिया स्मेल ने 11-11 रन की पारी खेली। नियामा हॉलैंड ने 10 रन बनाए। भारत के लिए तितास साधू, अर्चना देवी और पार्शवी चोपड़ा ने 2-2 विकेट लिए। वहीं एक-एक सफलता मन्नत कश्यप, शेफाली वर्मा और सोनम यादव के हाथ लगी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article