Rohit Sharma's Birthday: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा आज अपना 36वां जन्मदिन मना रहे हैं। 30 अप्रैल 1987 को महाराष्ट्र के नागपुर बांसोड़ में रोहित का जन्म एक मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ था। लेकिन शर्मा जी का बेटा खेलकूद को करियर बनाकर बर्बाद नहीं हुआ। वो ऐसा आबाद हुआ कि आज बल्ले के बल पर करोड़ों में खेल रहा है।
साल 2006 में हुई क्रिकेट करियर की शुरुआत
फरवरी, 2006 में ग्वालियर में वेस्ट जोन के लिए देवधर ट्रॉफी में खेलते हुए घरेलू क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। तकरीबन 18 साल से रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट गलियारों में चमक बिखेर रहे हैं और अब उम्र के 36वें पड़ाव में प्रवेश कर चुके हैं। रोहित शर्मा का नाम शुरुआत से ही प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी माना जाता था लेकिन रोहित को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस बात को अपने खेल से साबित करने में जरूरत से ज्यादा वक्त लगा।
पिछले एक दशक में मिला गेम से नेम और फेम
रोहित ने पिछले एक दशक में उन्होंने अपने खेल से वनडे और टी20 क्रिकेट में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और आतिशी बल्लेबाजी के दम पर 'हिटमैन' की उपाधि भी प्रशंसकों और क्रिकेट पंडितों से हासिल कर ली। अपने बल्ले के दम पर रोहित ने पूरी दुनिया में शोहरत के साथ-साथ पैसा भी खूब कमाया। आज उनके जन्मदिन के मौके पर जानते हैं कि रोहित शर्मा आज सालाना कितना पैसा कमाते हैं और उनकी नेट वर्थ कितनी है।
इतने करोड़ है रोहित की नेट वर्थ
साल 2023 की शुरुआत में जारी रिपोर्ट्स के मुताबिक रोहित शर्मा की कुल नेट वर्थ 26 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 215 करोड़ रुपये है। साल 2017 में रोहित शर्मा के की नेट वर्थ लगभग 120 करोड़ थी जो कि साल दर साल 136, 142, 155, 170, 195 करोड़ से होती हुई 200 करोड़ के पार जा पहुंची है। सात साल में उनकी आमदनी तकरीबन दोगुनी हो गई है। आइए जानते हैं कि रोहित को मुख्य रूप से कहां, कहां से मोटी कमाई होती है?
बीसीसीआई से मिलती हैं कितनी राशि?
रोहित शर्मा टीम इंडिया के तीनों फॉर्मेट के कप्तान हैं। उन्हें बीसीसीआई के सालाना कॉन्ट्रेक्ट में ए प्लसे कैटेगरी के खिलाड़ियों में जगह मिली है। इस कैटेगरी के खिलाड़ियों को बीसीसीआई सालाना 7 करोड़ रुपये अनुबंध के रूप में देता है। इसके अलावा मैच फीस के रूम में भी मोटी कमाई उनकी होती है। एक टेस्ट मैच खेलने के लिए 15 लाख, वनडे के लिए 6 लाख और टी20 मैच के लिए 3 लाख रुपये बतौर मैच फीस देता है। ऐसे में उनकी मैच फीस से साल भर में एक से दो करोड़ रुपये की आमदनी हो जाती है।
आईपीएल से कमाए कितने करोड़?
रोहित की आईपीएल से 16 सालों में कुल कमाई 178.6 करोड़ रुपये फीस के रूप में की है। आईपीएल की बात करें तो पिछले मेगा ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियन्स ने पांच बार उन्हें खिताब जिताने वाले कप्तान रोहित शर्मा को 16 करोड़ रुपये की मोटी रकम खर्च करके रिटेन किया था। रोहित साल 2008 से 2023 तक लगातार आईपीएल में खेल रहे हैं।
डेक्कन चार्जर्स के साथ की आईपीएल में शुरुआत
रोहित साल 2008 से 2010 तक वो डेक्कन चार्जर्स टीम के सदस्य रहे जहां उन्हें 3 करोड़ रुपये एक सीजन के लिए मिलते थे। इसके बाद साल 2011 में वो मुंबई इंडियन्स से 9.2 करोड़ रुपये की मोटी कीमत पर जुड़े थे और अबतक उनके साथ हैं। साल 2011 से 2013 तक रोहित को मुंबई मे 9.2 करोड़ रुपये मिले। 2014 से 2017 के बीच यह बढ़कर 12.5 करोड़ हो गई। साल 2018 में उन्हें मुंबई ने 15 करोड़ में रिटेन किया और 2021 तक ये राशि मिलती रही। 2022 में मेगा ऑक्शन से पहले रोहित को मुंबई ने फिर से 16 करोड़ में रिटेन किया। इस साल भी उन्हें 16 करोड़ रुपये आईपीएल में खेलने के मिल रहे हैं।
विज्ञापनों में छाए हुए हैं हिटमैन
रोहित शर्मा विज्ञापन जगत की भी पसंद बने हुए हैं। वर्तमान में वो स्टार स्पोर्टस, सिएट टायर, जियो, ड्रीम-11, एडिडास, एरिस्ट्रोक्रैट, मैक्स लाइफ इन्श्योरेंस, नॉइस, निसान जैसी कंपनियों के विज्ञापन कर रहे हैं। वो युरोपियन फुटबॉल लीग ला-लीगा के भारत में ब्रांड एम्बेसडर हैं। रोहित पहले ही स्टार खिलाड़ी थे लेकिन टीम इंडिया के कप्तान बनने के बाद उनकी ब्रांड वैल्यू में इजाफा हुआ है। पहले वो एक विज्ञापन के 1 से 2 करोड़ लेते थे लेकिन रिपोर्ट से मुताबिक अब वो इसके लिए 5 करोड़ रुपये तक चार्ज कर रहे हैं।
30 करोड़ का है मुंबई में घर
रोहित शर्मा के पास मुंबई के पॉश इलाके वर्ली में 30 करोड़ रुपये कीमत का अपार्टमेंट है। जो कि आहूजा टावर्स की 29वीं मंजिल पर स्थित है। 6 हजार स्क्वैर फुट के इस अपार्टमेंट में रोहित पत्नी रितिका के साथ साल 2015 से रह रहे हैं यह चार कमरों वाला अपार्टमेंट है। उनके घर से अरब सागर और मुंबई का खूबसूरत आकाश साफ नजर आता है। रोहित का अपार्टमेंट वर्ली सी लिंक से दो मिनट की ड्राइव पर है।
