लंदन: टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय महिला टीम शुक्रवार से पहले टेस्ट में लॉर्ड्स पर इंग्लैंड का सामना करेगी तो उसका इरादा इस नाकामी से उबरने का होगा। टी20 विश्व कप से जल्दी बाहर होने के बाद भारत को टेस्ट मैच के लिये तैयारी का अधिक समय मिल गया। यह मैच 'क्रिकेट का घर' कहे जाने वाले लॉर्ड्स पर पहले पुरुष टेस्ट के 142 साल बाद होगा।
लॉर्ड्स में पहली बार होगा विमेंस टेस्ट मैच का आयोजन
भारतीय टीम ने इससे पहले मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट खेला था। भारतीय टीम वोर्मस्ले क्रिकेट ग्राउंड पर अभ्यास कर रही है। मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि लॉर्ड्स पर पहली बार खेलने को लेकर टीम काफी उत्साहित है। उन्होंने कहा,'यह लॉर्ड्स पर हमारा पहला टेस्ट है और मैं खुशकिस्मत हूं कि यह मौका मिला। मैं इस टेस्ट से जुड़े सभी लोगों को शुभकामना देता हूं । यह बड़ा मौका है और हम इसे लेकर उत्सुक हैं। किसी भी भारतीय क्रिकेटर के लिये टेस्ट मैच खेलना सपने जैसा है । मुझे यकीन है कि कल सफेद जर्सी पहनने वाली हर खिलाड़ी को गर्व होगा कि उन्हें लॉर्ड्स पर टेस्ट खेलने का मौका मिला।'
भारत का शानदार है इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट रिकॉर्ड
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने ऑस्ट्रेलिया में हुए टेस्ट में पारी की शुरूआत की थी और उन्हें ही यहां मौका मिलेगा। प्रिया पूनिया को चोटिल प्रतिका रावल की जगह दी गई है जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया से दस विकेट से मिली हार में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की थी। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले चार मैचों में से तीन जीते हैं और इंग्लैंड में अभी तक एक भी टेस्ट नहीं गंवाया है। भारत के लिये हरलीन देयोल, स्पिनर श्री चरणी और तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा को पदार्पण का मौका मिल सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट से पहले कोच अमोल मजूमदार जानिए किस बात से हैं हैरान
इंग्लैंड ने दिया हैं पांच नए खिलाड़ियों को मौका
दूसरी ओर महिला टी20 विश्व कप उपविजेता इंग्लैंड टीम में पांच नये खिलाड़ी हैं जिनमें एलिस कैप्सी, टिली कोर्टीन कोलमैन, मैडी विलियर्स, ग्रेस पोट्स और एली टी शामिल हैं। सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने इस टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा लेने का फैसला किया है। खेल के तीनों प्रारूपों में शतक जमाने वाली इंग्लैंड की दूसरी महिला क्रिकेटर ब्यूमोंट ने 2023 महिला एशेज में ट्रेंट ब्रिज में दोहरा शतक जड़ा था।
दोनों टीमें इस प्रकार है:
भारतीय महिला क्रिकेट टीम :
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रौड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, रिचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, हरलीन देयोल, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, सयाली सतघारे, स्नेह राणा, प्रिया पूनिया ।इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम :
नेट सिवेर ब्रंट (कप्तान) , टैमी ब्यूमोंट, लौरेन बेल, मेइया बूचियेर, एलिस कैप्सी, टिली कोर्टीन कोलमैन, सोफी एस्सेलेस्टोन, लौरेन फिलेर, एमी जोंस, हीथर नाइट, एम्मा लैंब, ग्रेस पॉट्स, एली टी, मैडी विलियेर्स,इसी वोंग ।मैच का समय: दोपहर 3:30 से ।
(भाषा)
