क्रिकेट

हरमन एंड ब्रिगेड ने पहले ही मुकाबले में तोड़ दिया पावरप्ले का 4 साल पुराना रिकॉर्ड

थाईलैंड के खिलाफ मैच में टीम इंडिया जीत दर्ज करने में कामयाब तो रही ही साथ ही उसने पावरप्ले में 4 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। मंधाना और शेफाली की जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दी। हालांकि, उस तरह से टीम फिनिश नहीं कर पाई।

Image

शेफाली वर्मा (साभार-X)

रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने थाईलैंड को हराकर जीत के साथ एशिया कप की शुरुआत की। इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शेफाली वर्मा के विस्फोटक 64 रन की पारी के दम पर 9 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। जवाब में थाईलैंड की टीम को भारतीय गेंदबाजों ने केवल 65 रन के स्कोर पर रोक लिया और मुकाबला 94 रन से अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने जीत के साथ तो आगाज किया ही, लेकिन जिस तरह की शुरुआत शेफाली वर्मा और मंधाना ने दिलाई वो काबिलेतारीफ है। हालांकि, हरमन एंड ब्रिगेड उस तरह से इनिंग को फिनिश नहीं कर पाई। थाईलैंड के खिलाफ भारतीय टीम उम्मीद के मुताबिक बड़ा स्कोर नहीं बना पाई। लेकिन उसने पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

टूटा 4 साल पुराना रिकॉर्ड

एशिया कप में इस मुकाबले से पहले तक पावरप्ले में सर्वाधिक 59 रन सिलहट में साल 2022 में बने थे। उस वक्त भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ बिना विकेट खोए 59 रन बनाए थे। चार साल बाद भारत ने अपना ही रिकॉर्ड दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में तोड़ दिया। शुरुआत मंधाना और शेफाली ने की जिसे प्रतिका रावल ने आगे बढ़ाया। दोनों ने मिलकर पावरप्ले में 65 रन बना डाले जो एशिया कप में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है।

इसके अलावा शेफाली ने सबसे तेज अर्धशतक जड़ने के मामले में ऋचा घोष की बराबरी कर ली। शेफाली ने इस मुकाबले में 26 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। ऋचा ने साल 2024 में यूएई के खिलाफ मैच में इतने ही गेंद में अर्धशतक जड़ा था। हालांकि, एशिया कप में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड भारत के पास ही है। सलामी बैटर स्मृति मंधाना ने 2022 सिलहट में 25 गेंद में अर्धशतक जड़ा था जो विमेंस एशिया कप में सबसे तेज है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article