ENG W vs IND W Test: विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया लॉर्ड्स में टेस्ट शतक जड़ने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गईं। उनकी शतकीय पारी से भारत ने एकमात्र टेस्ट के तीसरे दिन चाय से पहले दूसरी पारी सात विकेट पर 341 रन पर घोषित कर इंग्लैंड को 457 रन का विशाल लक्ष्य दिया। बाएं हाथ की यास्तिका ने 158 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 113 रन की बेहतरीन पारी खेली और भारत की स्थिति मजबूत की। लंच के बाद 91 रन से आगे खेलते हुए उन्होंने चाय से ठीक पहले वाले ओवर में शतक पूरा किया। इसी वोंग की गेंद पर सिंगल लेकर उन्होंने अपना पहला यादगार टेस्ट शतक बनाया। इस ऐतिहासिक मैदान पर हो रहे पहले महिला टेस्ट में ऋचा घोष ने 52 गेंदों में आठ चौकों से नाबाद 50 रन बनाए, जिसके बाद भारत ने सात विकेट पर 341 रन पर दूसरी पारी समाप्त घोषित की।
भारत ने इंग्लैंड को दिया मुश्किल टारगेट
भारत के दूसरे सत्र में तीन विकेट गिरे, जिसमें यास्तिका का विकेट भी शामिल रहा। दीप्ति शर्मा 10 रन और यास्तिका के आउट होने के बाद ऋचा ने ताबड़तोड़ अंदाज में अपना तीसरा टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन सबसे सफल रहीं, जिन्होंने 33.3 ओवर में 118 रन देकर पांच विकेट झटके। मैच बचाने के लिए मेजबान टीम के सामने अब कड़ी चुनौती है।दूसरी पारी एक विकेट पर 154 रन से शुरू करने के बाद भारत ने सुबह तीन विकेट गंवाने के बावजूद लंच तक चार विकेट पर 250 रन बना लिए थे, तब यास्तिका अपने ऐतिहासिक शतक की तरफ बढ़ रही थीं।स्मृति मंधाना 70 रन, 130 गेंद सत्र की शुरुआत में लॉरेन बेल की गेंद पर लेग साइड में कैच आउट हुईं। तेज गेंदबाज बेल इस सत्र में सबसे असरदार रहीं, उन्होंने मंधाना के साथ जेमिमा रोड्रिग्स 12 गेंद में तीन रन को भी पवेलियन भेजा। रोड्रिग्स को उन्होंने शानदार इनस्विंग पर बोल्ड किया।
पहली पारी में भारत ने बनाए थे 285 रन
हरमनप्रीत कौर 34 गेंद में 16 रन लय में नहीं दिखीं और बाएं हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन का शिकार बनीं। एक्लेस्टोन ने भारतीय कप्तान को सीधी गेंद पर एलबीडब्ल्यू किया। मैदानी अंपायर ने पहले नॉट आउट दिया, लेकिन एक्लेस्टोन ने डीआरएस लिया और फैसला उनके हक में गया। यास्तिका की पारी की खास बात स्पिनरों के खिलाफ फुटवर्क और तेज गेंदबाजों पर शानदार स्ट्रेट ड्राइव रही। सुबह 39 रन से आगे खेलते हुए यास्तिका ने दिन की शुरुआत बेल की गेंद पर बेहतरीन स्ट्रेट ड्राइव से की। बेल की ही गेंद पर एक और स्ट्रेट ड्राइव लगाकर उन्होंने फिफ्टी पूरी की। पहली पारी में 285 रन बनाने वाले भारत ने दूसरे दिन इंग्लैंड को 170 रन पर समेटकर मैच में पकड़ मजबूत कर ली थी।
