लॉडरहिल्स: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैच की टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला रविवार को फ्लेरिडा के लॉडरहिल्स में खेला जाएगा। इसी मैदान पर शनिवार को खेले गए सीरीज के चौथे मुकाबले में टीम इंडिया ने 9 विकेट के अंतर से जीत दर्ज करके सीरीज में 2-2 की बराबरी करने में सफल हुई। अगर भारतीय टीम रविवार को खेले गए मुकाबले में जीत दर्ज करने में सफल हुई तो वो पांच मैच की टी20 सीरीज में 0-2 से पिछड़ने के बाद 2-3 के अंतर से विजय हासिल करने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम इंडिया इसी इतिहास को रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
चौथे मुकाबले वाली पिच पर होगा मैच
जिस पिच पर शनिवार को मैच खेला गया था उसी पिच पर रविवार को भी मुकाबला खेला जाएगा। शनिवार को पिच में जमकर रन बने और स्पिनर्स को भी मदद मिली। ऐसे में आखिरी मुकाबले में भी ऐसा ही होने की संभावना है। भारतीय टीम के बल्लेबाज फॉर्म में लौट आए हैं। जीत के लिए 179 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 165 रन की साझेदारी करके टीम को जीत दिलाई। यशस्वी ने जहां 51 गेंद में 84 रन की नाबाज पारी खेली। वहीं शुभमन गिल ने 47 गेंद में 77 रन बनाए।
भारतीय खिलाड़ी हासिल कर चुके हैं लय
इस मुकाबले से पहले सूर्यकुमार यादव ने तीसरे टी20 में शानदार पारी खेली थी। तिलक वर्मा सीरीज में अपनी छाप छोड़ चुके हैं। संजू सैमसन ही कोई बड़ा धमाल नहीं कर पाए हैं। ऐसे में उनका निर्णायक टी20 में खेलना संशय का विषय है। हालांकि टीम मैनेजमेंट विनिंग कॉम्बिनेशन में शायद ही कोई बदलाव करे। भारत के गेंदबाजों ने पिछले दो मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया है और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को परेशान किया है। अक्षर पटेल और युजवेंद्र चहल थोड़े फीके नजर आए हैं। दोनों महंगे साबित हुए हैं। ऐसे में गेंदबाजी में थोड़ा सुधार भारतीय टीम के लिए फायदेमंद साबित हुआ है।
निकोलस पूरन पर निर्भर है विंडीज
वेस्टइंडीज की टीम अपने एकादश में तीन बदलाव के साथ शनिवार को मैदान में उतरी थी। टीम में आए साई होप ने अच्छा प्रदर्शन किया। निकोलस पूरन पिछले दो मैच में नहीं चले हैं और दोनों ही मैचों में विंडीज को हार का मुंह देखना पड़ा। ऐसे में वो अगर रविवार को फॉर्म में लौट आए तो भारतीय टीम के सामने मुश्किल खड़ी हो सकती है।
