क्रिकेट

IND vs PAK: महामुकाबले को लेकर बड़ी अपडेट, एक दिन पहले हो सकता है मैच

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Jul 26, 2023, 12:37 PM IST

वर्ल्ड कप के सबसे बड़े मुकाबले को लेकर बड़ी अपडेट सामने आ रही है। 15 अक्टूबर को होने वाले वर्ल्ड कप के इस महामुकाबले को रिशेड्यूल किया जा सकता है। 15 अक्टूबर से नवरात्रि की शुरुआत हो रही है, ऐसे में पूरे गुजरात भर में गरबा नाइट्स का आयोजन किया जाता है।

Image

रोहित शर्मा और बाबर आजम (साभार-ICC)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-पाकिस्तान वर्ल्ड कप मुकाबला
  • नवरात्रि के कारण रिशेड्यूल हो सकता है मैच
  • सुरक्षा एजेंसियों ने बीसीसीआई को दी सलाह

वर्ल्ड कप 2023 के भारत-पाकिस्तान महामुकाबले को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आ रही है। दरअसल 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित इस मैच को रिशेड्यूल किया जा सकता है। अब यह मैच 15 अक्टूबर की जगह एक दिन पहले यानी 14 अक्टूबर को खेला जा सकता है। वर्ल्ड कप के सबसे बड़े मुकाबले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने BCCI से इसके कार्यक्रम में बदलाव करने की सलाह दी है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि उसी दिन से नवरात्रि की शुरुआत हो रही है और पूरे गुजरात में गरबा नाइट्स का आयोजन होता है, जिसमें बड़े पैमाने पर लोग भाग लेते हैं। ऐसे में सुरक्षा के इंतजामों के चलते यह निर्णय लिया जा सकता है।

अगर ऐसा होता है तो उन फैंस के लिए ये किसी बुरे सपने से कम नहीं होगा, जिन्होंने इस मैच को लेकर तैयारी शुरू कर दी थी और मोटी रकम खर्च कर होटल की बुकिंग भी कर ली थी। इस मैच के टिकट भी कुछ ही घंटों में सोल्ड आउट भी हो गए थे।

बीसीसीआई अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा 'हम अपने पास मौजूद विकल्पों पर विचार कर रहे हैं और जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। हमें सुरक्षा एजेंसियों ने बताया है कि भारत बनाम पाकिस्तान जैसे हाई-प्रोफाइल मैच से बचना चाहिए, जिसके लिए हजारों फैंस के अहमदाबाद पहुंचने की उम्मीद है।'

सभी बड़े मुकाबले इसी मैदान पर

वर्ल्ड कप 2023 के सभी बड़े मुकाबले इसी मैदान पर खेले जाएंगे। न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले ओपनिंग गेम से लेकर, भारत-पाकिस्तान, इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया और वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबला इसी मैदान पर खेला जाएगा।

27 जुलाई को हो सकता है फैसला

मंगलवार देर रात बीसीसीआई सचिव जय शाह ने वर्ल्ड कप होस्टिंग एसोसिएशन को इस बारे में पत्र लिखा है और इस पर विस्तार से चर्चा 27 जुलाई को की जा सकती है। यह बैठक दिल्ली में होगी, जिसके बाद अंतिम फैसले पर मुहर लगेगी। ऐसा कहा जा रहा है कि बैठक में बीसीसीआई, बोर्ड सदस्यों को अहमदाबाद के आसपास की सुरक्षा चिंताओं से अवगत करा सकता है और मैच की नई तारीख तय कर सकता है।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article