IND vs NZ Champions Trophy 2025 Final Playing XI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताबी मुकाबला आज दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। संभावना है कि ये मैच उसी पिच पर खेला जाएगा जिसमें भारत और पाकिस्तान के बीच 23 फरवरी को भिड़ंत हुई थी। भारत और न्यूजीलैंड दोनों ही टीमें एक बार टूर्नामेंट में इसी मैदान पर भिड़ चुकी हैं। भारतीय टीम ने यहां पर चार मैच खेले हैं और परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं। कीवी टीम एक मैच यहां खेली थी लेकिन उसमें उसे हार का सामना करना पड़ा खा लेकिन उस मैच में फिरकी के खिलाफ फंसने के बाद उन्हें परिस्थितियों का अंदाजा लग गया था। ऐसे में उन्होंने फाइनल से पहले स्पिनर्स के खिलाफ जमकर अभ्यास किया है और उसी आधार पर अपनी प्लेइंग-11 भी तैयार की है। आइए जानते हैं कि खिताबी मुकाबले में कैसी हो सकती है दोनों की संभावित प्लेइंग-11?
टीम इंडिया नहीं करेगी कोई बदलाव
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले के लिए अपनी प्लइंग-11 में कोई बदलाव नहीं करने जा रही है। टीम इंडिया ने दो मैच पहले वरुण चक्रवर्ती को प्लेइंग-11 में हर्षित राणा की जगह शामिल किया था। ये कदम टीम के लिए कारगर साबित हुआ है। ऐसे में भारतीय टीम की प्लेइंग-11 सेमीफाइनल जैसी ही रहेगी। भारतीय टीम मैनेजमेंट विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ छेड़छाड़ करके कोई जोखिम नहीं उठाना चाहेगी।
मैट हेनरी के खेलने पर था संशय
कीवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए घायल हो गए थे। उनके कंधे में चोट लगी थी। हालांकि वो मैदान से बाहर गए और बाद में मैदान में लौटकर गेंदबाजी की। उन्होंने कगिसो रबाडा का विकेट भी अपने नाम किया था। हालांकि उनके चोटिल होने की पुष्टि कप्तान मिचेल सेंटनर ने की थी लेकिन कहा था कि फाइनल में खेलने का फैसला स्कैन के बाद किया जाएगा। शनिवार को हेनरी ने दुबई में अभ्यास किया और उनके फाइनल में खेलने की पूरी संभावना है। हेनरी टूर्नामेंट में 4 मैच में 10 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। उनके नाम सबसे ज्यादा विकेट दर्ज हैं। ऐसे में फाइनल में उनके खेलने से कीवी टीम का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत बना रहेगा। ऐसे में कीवी टीम में भी बदलाव को कोई संभावना नहीं है। न्यूजीलैंड अपनी सेमीफाइनल वाली प्लेइंग-11 के साथ ही मैदान में उतरेगा।
