क्रिकेट

India Vs New Zealand Final Match Highlights, भारत-न्यूजीलैंड मैच हाईलाइट: भारत ने न्यूजीलैंड को पटखनी देकर तीसरी बार किया चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा, रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने रचा इतिहास

India Vs New Zealand Final Match Highlights in Hindi (भारत-न्यूजीलैंड मैच हाईलाइट) Champions Trophy 2025 Today Match Scorecard, Recap, Man of the Match, Players of the Series: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में 4 विकेट के अंतर से मात देकर तीसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। जानिए मैच के क्या रहे अहम पल?

Image

भारत बनाम न्य़ूजीलैंड चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल मैच हाईलाइट्स

Photo : AP

India Vs New Zealand Final Match Highlights (भारत-न्यूजीलैंड मैच हाईलाइट): भारत ने कप्तान रोहित शर्मा (76 रन) के अर्धशतक से रविवार को यहां फाइनल में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर आईसीसी चैंपियन्स ट्रॉफी 2025 अपने नाम की। यह भारत का लगातार दूसरा आईसीसी खिताब है। फाइनल में 252 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 49 ओवर तक छह विकेट पर 254 रन बनाकर जीत दर्ज की। श्रेयस अय्यर ने 48 रन और शुभमन गिल ने 31 रन रन बनाये। अक्षर पटेल ने 29 रन का योगदान दिया। केएल राहुल ने नाबाद 34 और रविंद्र जडेजा ने नाबाद नौ रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल (63 रन) और माइकल ब्रेसवेल (नाबाद 53 रन) के अर्धशतकों की बदौलत सात विकेट पर 251 रन का स्कोर खड़ा किया था।

ऐसा रहा न्यूजीलैंड की पारी का हाल

न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ खिताबी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए डेरिल मिचेल और माइकल ब्रेसवेल ने संयम के साथ अर्धशतक की बदौलत सात विकेट पर 251 का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। डेरिल मिचेल ने 101 गेंद में 63 रन बनाये जबकि ब्रेसवेल ने 40 गेंद में 53 रन जोड़े। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन उसके स्टार बल्लेबाज टिककर खेल नहीं सके जिसके बाद इन दोनों ने पारी को संभाला।

अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाई कीवी पारी

न्यूजीलैंड ने अच्छी शुरूआत करते हुए दस ओवर में एक विकेट पर 69 रन बना लिये थे । छठे ही ओवर में गेंदबाजी के लिये आये वरूण ने विल यंग को पवेलियन भेजा । वहीं कप्तान रोहित शर्मा ने कलाई के स्पिनर कुलदीप को 11वें ओवर में गेंद सौंपी जिससे मैच का नक्शा ही बदल गया । कुलदीप ने पहली ही गेंद पर रचिन रविंद्र को पवेलियन भेजा जब उनकी गुगली सीधे स्टम्प पर जा लगी । इसके साथ ही 57 रन की पहले विकेट की साझेदारी भी खत्म हो गई जिसमें रविंद्र ने हार्दिक पंड्या को लगातार छक्का और दो चौके लगाये थे । उन्हें 28 के स्कोर पर मोहम्मद शमी ने अपनी ही गेंद पर जीवनदान दिया था । अगले ओवर में कुलदीप ने केन विलियमसन का रिटर्न कैच लपककर न्यूजीलैंड को सबसे करारा झटका दिया । न्यूजीलैंड ने 12 . 2 ओवर में 75 रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे।

स्पिनर्स के सामने कीवी बल्लेबाजों ने टेके घुटने

भारत के चौतरफा स्पिन आक्रमण का कीवी टीम सामना नहीं कर सकी और अगली 81 गेंद में कोई चौका नहीं लगा। ग्लेन फिलिप्स ने कुलदीप को लांग आफ पर छक्का लगाकर इस दबदबे को तोड़ा। यदा कदा सौ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले कुलदीप और वरूण को पिच से काफी सहायता मिली। वहीं अक्षर पटेल और रविंद्र जडेजा ने रफ्तार के सहारे कीवी बल्लेबाजों को परेशान किया । भारतीय स्पिनरों ने 38 ओवर डाले और सिर्फ 144 रन दिये ।

वरूण ने फिलिल्स को आउट करके पांचवें विकेट की 57 रन की साझेदारी तोड़ी । फिलिप्स उनकी गुगली का शिकार हुए।

न्यूजीलैंड ने खड़ा किया 50 ओवर में 7 विकेट पर 251 रन

दूसरे छोर पर मिचेल इक्के दुक्के रन लेकर स्कोर को आगे बढाते रहे और 91 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया । उन्होंने 46वें ओवर में शमी को दो चौके लगाये और ब्रेसवेल के साथ छठे विकेट के लिये 46 रन की साझेदारी भी की। शमी ने ही उन्हें पवेलियन भेजा और कवर्स में रोहित ने उनका कैच लपका। न्यूजीलैंड ने आखिरी पांच ओवरों में 50 रन बनाये।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article