Shubhman Gill Double Century against New Zealand: टीम इंडिया के ओपनर शुभमन गिल ने बुधवार (18 जनवरी, 2023) को अपने क्रिकेट करियर का पहला दोहरा शतक जड़ा। उन्होंने 149 गेंदों का सामना करते हुए 208 रन बनाए, जिसमें 19 चौके और नौ छक्के शामिल रहे। वह पूरी पारी के दौरान पहाड़ की तरह क्रीज पर डटे रहे, मगर उन्हें दूसरे छोर पर उस तरह का सपोर्ट न मिला।
अंडर-19 विश्व कप 2018 में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद गिल को भारतीय क्रिकेट में अगला राइजिंग स्टार माना जा रहा है। उन्होंने अपनी पारी के छह छक्के 150 रन पूरे करने के बाद जड़े। यह उनकी लगातार दूसरी तीन अंक वाली पारी रही।
रोचक बात है कि 23 साल गिल के दोहरा शतक जमाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए, जबकि डबल सेंचुरी जड़ने वाले ओवर ऑल आठवें क्रिकेटर बने। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर (भारत - 200*), वीरेंद्र सहवाग (भारत - 219), रोहित शर्मा (भारत- 208*, 209 और 264), ईशान किशन (भारत - 210), मार्टिन गुप्टिल (न्यूजीलैंड - 237), क्रिस गेल (वेस्टइंडीज - 215) और फखर जमां (पाकिस्तान - 201*)।
इस बीच, गिल की विस्फोटक पारी के लिए मैदान से लेकर सोशल मीडिया तक उन्हें बधाई देने वालों का तांता सा लग गया। बीसीसीआई के हैंडल से दोहरे शतक जड़ने वाले भारतीय प्लेयर्स में शामिल खिलाड़ियों की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा गया, "ये है 200 वाला क्लब! शुभमन गिल आपका स्वागत है।" पंजाब सुपर किंग्स के हैंडल से लिखा गया, "उन्होंने अपने अंडर-19 के दिनों भी दहाड़ मारी थी और वह अभी भी उसी तरह से दहाड़ रहे हैं!"
