क्रिकेट

IND vs AUS 3rd ODI: भारत के खिलाफ सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के स्पेशल क्लब में शामिल होने उतरेंगे स्टार्क

ऑस्ट्रेलिया के बांए हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के निशाने पर सिडनी में शनिवार को भारत के खिलाफ सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में एक स्पेशल रिकॉर्ड होगा। जानिए उपलब्धि से हैं कितने कदम दूर?

Image

मिचेल स्टार्क

Photo : AP

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के बांए हाथ के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भारत के खिलाफ सिडनी में शनिवार को खेले जाने वाले सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाने वाला सीरीज का आखिरी मुकाबला भारतीय टीम के लिए साख का सवाल बन गया है। शुभमन गिल की कप्तानी में खेलते हुए टीम इंडिया को पर्थ और एडिलेड में खेले गए पहले दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा और सीरीज उसके हाथ से निकल गई।

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के स्पेशल क्लब में होगी एंट्री

सिडनी में खेले जाने वाले तीसरे वनडे में मिचेल स्टार्क वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए 250 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बन सकते हैं। इस मुकाम पर पहुंचने के लिए उन्हें 3 विकेट की दरकार है। सिडनी वनडे में तीन विकेट चटकाते ही स्टार्क ग्लेन मैक्ग्रा( 249 मैच में 380 विकेट), ब्रेट ली(221 मैच में 380 विकेट) और शेन वॉर्न( 193 मैच में 291 विकेट) के साथ ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के स्पेशल क्लब में शामिल हो जाएंगे।

ऐसा रहा है स्टार्क का वनडे करियर

अबतक खेले 129 वनडे मैच में वो 23.46 के औसत और 5.26 की इकोनॉमी के साथ कुल 247 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। 28 रन देकर 6 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। स्टार्क ने करियर में 12 बार पारी में 4 या उससे ज्यादा और 9 बार पांच या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं।

भारत के खिलाफ शानदार है गेंदबाजी रिकॉर्ड

स्टार्क का भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड है। उन्होंने भारत के खिलाफ 49 मैच में 106 विकेट अपने नाम 33.94 के औसत से किए हैं। तीन बार उन्होंने पांच विकेट भारत के खिलाफ चटकाए हैं। 43 रन देकर 6 विकेट उन्होंने अपने नाम किए हैं। एकदिवसीय क्रिकेट में स्टार्क ने भारत के खिलाफ 21 मैच में 33 विकेट 32.24 के औसत से झटके हैं। जिसमें दो पंजे भी शामिल हैं। मौजूदा सीरीज में स्टार्क ने पर्थ में 22 रन देकर एक और एडिलेड में 62 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article