क्रिकेट

जब 8 साल पहले महज दो दिन में ढेर हो गई अफगानिस्तान की टीम, जानें क्या रहा था मैच का स्कोरकार्ड

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच का आगाज शनिवार, 6 जून से हो गया। दोनों टीमें 8 साल बाद एक दूसरे के आमने-सामने हैं। आखिरी बार जब टीम भिड़ीं थीं तब भारत ने एकतरफा मुकाबले में जीत दर्ज की थी।

Image

भारत और अफगानिस्तान टेस्ट मैच। फोटो-BCCI

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच का आगाज शनिवार, 6 जून से हो गया। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर मानव सुथार को डेब्यू का मौका दिया। अफगानिस्तान ने भी तेज गेंदबाज नांगेयालिया खरोटे को डेब्यू का मौका दिया।

दोनों टीमें 8 साल बाद आमने-सामने हुई हैं। साल 2018 में भारत और अफगानिस्तान के बीच बेंगलुरु में एकमात्र टेस्ट मैच खेला गया। एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने एक तरफा मुकाबले में अफगानिस्तान को पटखनी दी थी। इस टेस्ट मैच में अफगानिस्तान ने लंच और टी ब्रेक के बीच 10 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद तीसरे सत्र तक अफगानिस्तान की दूसरी पारी भी सिमट गई थी।

शिखर धवन और विजय ने खेली शतकीय पारी

मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 474 रन बनाए थे। भारत की तरफ से शिखर धवन ने 107 रन और मुरली विजय ने 105 रन की शतकीय पारी खेली थी। केएल राहुल ने 54 रन और हार्दिक पांड्या ने 71 रन की पारी खेली थी। इस मैच में टीम इंडिया कि कप्तानी अजिंक्य रहाणे ने की थी। अफगानिस्तान की पहली पारी 109 रन और दूसरी पारी 103 रन पर सिमट गई थी।

जडेजा ने चटकाए थे छह विकेट

भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा ने सर्वाधिक विकेट चटकाए। जडेजा ने पहली पारी में दो विकेट और दूसरी पारी में चार विकेट चटकाए थे। आर अश्विन ने कुल पांच विकेट हासिल किए थे। अश्विन ने पहली पारी में चार और दूसरी में एक विकेट हासिल किए थे। तेज गेंदबाजी में उमेश यादव और ईशांत शर्मा ने अपना जलवा बिखेरा था। पेस बैटरी ने मिलकर 8 विकेट उड़ाए थे। ट्रॉफी जीतने के बाद अजिंक्य रहाणे ने जीत के जश्न में अफगान टीम को शामिल किया था।

तब से अब तक, इन बीते सालों में अफगानिस्तान ने 11 टेस्ट मैच खेले और भारत ने 67 टेस्ट मैच खेले। एक मजेदार तथ्य यह है कि जब आखिरी बार अफगानिस्तान ने टेस्ट मैच खेला था तब तक ऋषभ पंत का डेब्यू तक नहीं हुआ था। हालांकि, अब वह टेस्ट टीम का अहम हिस्सा हैं।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article