क्रिकेट

IND U19 vs SA U19 Highlights: किशन की बॉलिंग और वैभव की बैटिंग से भारत की ऐतिहासिक जीत

IND U19 vs SA U19 Highlights: भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर अंडर-19 यूथ वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की। वैभव सूर्यवंशी को पहली बार टीम की कमान सौंपी गई थी और उन्होंने सीरीज जीतकर टीम मैनेजमेंट को निराश नहीं किया।

Image

किशन सिंह और वैभव सूर्यवंशी (साभार-BCCI)

कप्तान वैभव सूर्यवंशी की 24 गेंदों में 68 रनों की तूफानी पारी और किशन कुमार की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत अंडर-19 टीम ने सोमवार को यूथ वनडे सीरीज के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को डकवर्थ लुईस नियम के तहत आठ विकेट से हराकर 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। बतौर युवा कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर इतिहास रच दिया। भारत ने तीन मैचों की इस सीरीज में इससे पहले विलोमूर पार्क में खेले गए पहले वनडे में डकवर्थ लुईस पद्धति से 25 रन से जीत दर्ज की थी। सीरीज में दूसरी बार खराब मौसम से मैच प्रभावित हुआ। बारिश के कारण खेल काफी देर तक रुका रहा और भारतीय टीम के लिए लक्ष्य को संशोधित करके 27 ओवरों में 174 रन कर दिया गया।

खेल रोके जाने तक भारतीय टीम ने 12.5 ओवर में दो विकेट पर 115 रन बना लिये थे। खेल शुरू होने पर भारत ने 23.3 ओवर में दो विकेट 176 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारतीय पारी के दौरान खराब मौसम के कारण शुरुआती रुकावट से पहले सूर्यवंशी ने अपनी पारी में 10 छक्के और एक चौका जड़ा मैच पर टीम की पकड़ मजबूत कर दी। वेदांत त्रिवेदी (57 गेंदों पर 31 रन नाबाद) और अभिज्ञान कुंडू (42 गेंदों पर 48 रन नाबाद) ने तीसरे विकेट के लिए 81 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी।

इससे पहले जेसन रोल्स की 117 गेंद में सात चौके और तीन छक्के की मदद से खेली गयी 114 रन की पारी से दक्षिण अफ्रीका 49.3 ओवर में ऑल आउट होने से पहले 245 रनों तक पहुंचने में सफल रहा। भारत के लिए किशन सिंह ने 8.3 ओवर में 46 रन देकर चार विकेट चटकाये। सीरीज का तीसरा मैच बुधवार को खेला जायेगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article