क्रिकेट

Women's T20 World Cup 2023: सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया, ऑस्ट्रेलिया से होगी भिड़ंत

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 20, 2023, 10:18 PM IST

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सोमवार को आयरलैंड को बारिश से प्रभावित मुकाबले में 5 रन के अंतर (डकवर्थ लुईस नियम) देकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम(साभार BCCI Women)

पोर्ट एलिजाबेथ: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सोमवार को आयरलैंड को बारिश से प्रभावित मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियम के अनुसार 5 रन के अंतर से मात देकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। भारत द्वारा जीत के लिए दिए 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड ने 8.2 ओवर में 2 विकेट पर 55 रन बना लिए थे। उसके बाद बारिश शुरू हो गई और दोबारा खेल नहीं शुरू हो सका। ऐसे में भारत को विजेता घोषित कर दिया गया।

सेमीफाइनल में भारत की ऑस्ट्रेलिया से होगी भिड़ंत

सेमीफाइनल में टीम इंडिया की भिड़ंत डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से होगी। जिसने साल 2020 में टीम इंडिया का विश्व चैंपियन बनने का सपना तोड़ दिया था। ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप 1 में चार में चार मैच जीतकर पहले पायदान पर है। भारतीय टीम ग्रुप-2 में 4 मैच में तीन जीत के साथ दूसरे पायदान पर है। इंग्लैंड की टीम तीन मैच में तीन जीत के साथ पहले नंबर पर भारत के ग्रुप में है। ऐसे में अगर वो अपना आखिरी बचा मुकाबला हारती भी है तो भी उसके नेट रन रेट में ज्यादा फर्क पड़ने की संभावना नहीं है। ऐसे में भारतीय टीम की ऑस्ट्रेलिया के साथ भिड़त का आधिकारिक तौर पर ऐलान होना का इंतजार करना होगा। ये मैच 23 फरवरी को खेला जाएगा।

स्मृति मंधाना ने खेली आतिशी अर्धशतकीय पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने करो या मरो या मरो के मुकाबले में स्मृति मंधाना की 56 गेंद में 87 रन की आतिशी पारी की बदौलत 6 विकेट पर 155 रन का स्कोर खड़ा किया था। शेफाली वर्मा और स्मृति की सलामी जोड़ी ने भारतीय टीम को मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.2 ओवर में 62 रन की साझेदारी की। दोनों की साझेदारी को लौरा डेलानी ने तोड़ा। शेफाली 29 गेंद में 24 रन बनाकर लौरा डेलानी का शिकार बनीं।

स्मृति थामे रहीं एक छोर

शेफाली के आउट होने के बाद मंधाना ने एक छोर थाम लिया लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते गए। कप्तान हरमप्रीत ने थोड़ी देर उनका साथ दिया और टीम को 100 रन के पार पहुंचाकर पवेलियन लौटीं। हरमनप्रीत 13(20) रन बनाकर डेलानी का दूसरा शिकार बनीं। इसी दौरान मंधाना ने अपना अर्धशतक 40 गेंद में 5 चौके और एक छक्के के साथ पूरा कर लिया।

डेलानी ने दिए भारत को लगातार दो झटके

हरमनप्रीत कौर 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हुईं तब टीम का स्कार 114 रन था। ऐसे में तेजी से रन बनाने के लिए भारत ने ऋचा घोष के पहले भेजा लेकिन डेलानी ने अगली ही गेंद पर उन्हें भी आउट करके भारतीय टीम की परेशानी बढ़ा दी। लेकिन मंधाना ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को 150 रन के करीब पहुंचा दिया। वो 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हुईं। उन्होंने 56 गेंद में 87 रन की पारी खेली और इस दौरान 9 चौके और तीन गगनचुंबी छक्के जड़े।

1 रन पर आयरलैंड ने गंवाए 2 विकेट

जीत के लिए 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरिश टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 1 रन के स्कोर पर उनके दो बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। सलामी बल्लेबाज एमी हंटर जेमिमा के सटीक थ्रो पर रन पारी की पहली ही गेंद पर आउट हुईं। इसक बाद बैटिंग करने आईं ओर्ला प्रेंडरजेस्ट को रेणुका ठाकुर ने बोल्ड कर दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल पाईं। ऐसे में आयरलैंड का स्कोर 1 ओवर में 1 रन 2 विकेट हो गया।

बारिश ने फेरा जीत के अरमानों पर पानी

इसके बाद गैबी लुईस और कप्तान लौरा डेलानी ने पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। लेकिन नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर खेल को बारिश की वजह से रोकना पड़ा। उस वक्त आयरलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 54 रन था। लुईस 32 और डेलानी 17 रन बनाकर नाबाद थीं। लेकिन इसके बाद खेल दोबारा नहीं शुरू हो सका और भारतीय टीम को 5 रन से विजयी घोषित किया गया।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article