क्रिकेट

IND vs WI: यशस्वी और गिल के धमाल से टीम इंडिया ने की सीरीज में बराबरी

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Aug 12, 2023, 11:44 PM IST

IND vs WI: टीम इंडिया ने चौथा टी20 मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया। भारत के सामने जीत के लिए 179 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 1 विकेट खोकर 18 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। जायसवाल ने नाबाद 84 रन की पारी खेली। पहले विकेट के लिए गिल और जायसवाल ने शतकीय साझेदारी की।

Image

यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल (साभार-AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत ने 9 विकेट से वेस्टइंडीज को हराया
  • सीरीज में की 2-2 की बराबरी
  • जायसवाल ने जड़ा पहला अर्धशतक

भारत ने फ्लोरिडा में खेले गए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को 9 विकेट से जीतकर अपनी सीरीज जीतने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। 179 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 1 विकेट खोकर 18 गेंद शेष रहते इसे हासिल कर लिया। अपना दूसरा ही मुकाबला खेल रहे यशस्वी जायसवाल ने 51 गेंदो में नाबाद 84 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 3 छक्के लगाए।

गिल और जायसवाल की रिकॉर्डतोड़ साझेदारी

लगातार फेल हो रही टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी ने इस मुकाबले में पहले विकेट के लिए रिकॉर्डतोड़ 165 रन की साझेदारी की। गिल और जायसवाल की जोड़ी ने केवल 15.3 ओवर में ये रन जोड़े। गिल ने 47 गेंद पर 77 रन बनाए जबकि जायसवाल ने नाबाद 84 रन की पारी खेली। दोनों ने पावरप्ले में ही अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से टीम इंडिया की जीत की नींव रख दी।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने 8 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से शिमरन हेटमायर ने 39 गेंद में 61 रन की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के लगाए। उन्होंने 5वें विकेट के लिए शाई होप के साथ 49 रन की साझेदारी की। होप ने 29 गेंद की पारी में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 45 रन बनाये। भारत की ओर से बल्लेबाजी के लिए आसान पिच पर अर्शदीप सिंह ने (38 रन देकर तीन विकेट) और कुलदीप यादव (26 रन देकर दो विकेट) चटकाए। अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल और मुकेश कुमार को भी एक-एक सफलता मिली।

निर्णायक मुकाबला रविवार को

इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 5 मैच की सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली। अब निर्णायक मुकाबला रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा। आपको बता दें कि एक वक्त टीम इंडिया 0-2 से पीछे थी, लेकिन उसके बाद लगातार दो मुकाबला जीतकर उसने सीरीज में बराबरी कर ली।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article