गुवाहाटी: शुभमन गिल (नाबाद 223 रन) के वनडे में सबसे तेज दोहरे शतक और रोहित शर्मा की 75 गेंद में 101 रन की पारी से भारत ने बुधवार को यहां दूसरे मैच में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। वेस्टइंडीज के अब तक के सबसे बड़े वनडे स्कोर सात विकेट पर 405 रन के जवाब में भारत ने गिल के 133 गेंदों पर नाबाद 233 रन (26 चौके, आठ छक्के) और रोहित के 35वें शतक (75 गेंदों पर 101 रन, 10 चौके, छह छक्के) की बदौलत शानदार जीत दर्ज की। जिसमें सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 255 रन जोड़े।
शुभमन गिल
39 गेंद शेष रहते टीम इंडिया ने हासिल की जीत
भारत ने 43.3 ओवर में दो विकेट पर 406 रन बनाकर 39 गेंद शेष रहते जीत हासिल की। इस तरह रनों के लिहाज से भारत ने अपने सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा किया। दक्षिण अफ्रीका ने 2006 में जोहानिसबर्ग में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 435 रन के लक्ष्य का पीछा किया था। इस तरह भारत वनडे में सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गया।
विंडीज के तीन बल्लेबाजों ने जड़े शतक
इससे पहले वेस्टइंडीज ने जॉन कैंपबेल (101), शाई होप (104) और आमिर जांगू (114) के शतकों की बदौलत यह दूसरे वनडे में भारत के खिलाफ टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाज करते हुए सात विकेट पर 405 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। वेस्टइंडीज ने पहली बार 50 ओवर के प्रारूप में 400 रन से ज्यादा का स्कोर पहली बार खड़ा किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: शुभमन गिल ने जड़ा वनडे इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक, दूसरी डबल सेंचुरी से रचा इतिहास, नाम हुआ अनोखा रिकॉर्ड
जॉन कैंपबेल ने जड़ा आतिशी शतक
बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद कैंपबेल ने 65 गेंदों में शतक जड़कर लय तय की और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने भारत के अनुभवहीन तेज गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाईं। कैंपबेल ने 68 गेंदों पर 101 रन की पारी के दौरान भारतीय आक्रमण की धुनाई की जिसमें नौ चौके और पांच छक्के जड़े थे। इसके बाद होप और जांगू ने बीच के और अंतिम ओवरों में दबदबा बनाते हुए करीब आठ रन प्रति ओवर की दर से स्कोर में इजाफा किया।
होप ने खेली कप्तानी शतकीय पारी
होप ने सूत्रधारक के साथ आक्रामक बल्लेबाज की भूमिका बखूबी निभाई। उन्होंने विराट कोहली द्वारा 27 रन के निजी स्कोर पर मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाया। शॉर्ट मिडविकेट पर कोहली के हाथों से उनका कैच छूट गया था। कप्तान ने 94 गेंदों पर 104 रन की शानदार पारी खेली जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल थे। इससे भारत को वापसी करने का मौका नहीं मिला।
जांगू ने जड़ा शानदार शतक
जांगू ने भी होप का बखूबी साथ दिया। उन्होंने आक्रामकता के साथ सोच-समझकर शॉट खेलते हुए सिर्फ 69 गेंदों में अपना दूसरा वनडे शतक पूरा किया। वह 13 चौके और तीन छक्के की मदद से 114 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहली बार वेस्टइंडीज के लिए वनडे में तीन शतक बने। यह स्कोर 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ उसके पिछले 389 रन के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से बेहतर रहा।
युवा गेंदबाजों ने किया निराश
एशियाई खेलों की टीम में शामिल जसप्रीत बुमराह और बाहर चल रहे मोहम्मद सिराज की अनुपस्थिति में भारत 2027 विश्व कप से पहले युवाओं को आजमा रहा है। लेकिन तेज गेंदबाजी आक्रमण के प्रदर्शन ने काफी सवाल खड़े किए क्योंकि इससे तेज गेंदबाजी में उसकी अनुभवहीनता उजागर हो रही है। भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को लगातार नजरअंदाज किए जाने के बीच भारत की विकल्प तलाशने की कोशिश प्रभावशाली नहीं दिखी।
डेब्यू मैच में आकिब नबी रहे नाकाम
जम्मू कश्मीर से भारतीय टीम में प्रतिनिधित्व करने वाले तीसरे क्रिकेटर बने औकीब नबी ने अपने 8.5 ओवर में 84 रन लुटाए, उन्हें सपाट पिच पर वेस्टइंडीज को रोकने में संघर्ष करना पड़ा। गुरनूर बरार ने 96 रन देकर दो जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने पांच ओवर में 45 रन देकर एक विकेट लिया। भारत की चिंता और बढ़ गई जब बल्लेबाजी ऑलराउंडर नमन धीर का टखना मुड़ गया जिससे उन्हें 6.1 ओवर गेंदबाजी करने के बाद 36वें ओवर में मैदान छोड़ना पड़ा। भारत के लिए सकारात्मक पहलू दो स्पिनर रहे जिसमें कुलदीप यादव (65 रन देकर दो विकेट) ने वनडे में 200 विकेट के क्लब में प्रवेश किया जबकि रविंद्र जडेजा ने 75 रन देकर दो विकेट झटके।
(भाषा)
