क्रिकेट

Asia Cup 2023: सिराज की गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका को हराकर टीम इंडिया ने 8वीं बार जीता एशिया कप

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Sep 17, 2023, 07:44 PM IST

Asia Cup 2023: कोलंबो में खेले गए एशिया कप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने श्रीलंका को हराकर 8वीं बार एशिया कप जीत लिया है। जीत के लिए टीम इंडिया के सामने 51 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने 6.1 ओवर में बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया।

Image

एशियन चैंपियन भारत (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  1. टीम इंडिया बनी एशियन चैंपियन
  2. फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को रौंदा
  3. मोहम्मद सिराज ने झटके 6 विकेट

टीम इंडिया ने 8वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। कोलंबो में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 10 विकेट से रौंद दिया। जीत के लिए टीम इंडिया के सामने 51 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने केवल 6.1 ओवर में बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया। शुभमन गिल ने 19 गेंद पर 27 रन जबकि ईशान किशन ने 18 गेंद में 23 रन की पारी खेली।

50 रन पर ढेर श्रीलंका

इससे पहले बारिश के अनुमान के बीच श्रीलंका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन सिराज के ऐतिहासिक स्पेल के सामने श्रीलंका की टीम 15.2 ओवर में 50 रन बनाकर ढेर हो गई। श्रीलंका की ओर से इन फॉर्म बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने सर्वाधिक 17 जबकि दुसन हेमंथा ने 13 रन की पारी खेली। श्रीलंका की खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।

खाता भी नहीं खोल पाए 5 बल्लेबाज

भारतीय गेंदबाजी लाइनअप के सामने श्रीलंका के 5 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। श्रीलंका के इन फॉर्म बल्लेबाज कुसल परेरा, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलांका और दसुन शनाका खाता भी नहीं खोल पाए। इनके अलावा मथिसा पाथिराना भी शून्य के स्कोर पर आउट हुए।

कोलंबो में सिराज का कहर

मोहम्मद सिराज ने ऐतिहासिक स्पेल डालते हुए 7 ओवर में 21 रन देकर 6 विकेट चटकाए। उन्होंने 4 विकेट तो एक ही ओवर में झटके। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में पथुम निसांका, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलांका और धनंजय डी सिल्वा को आउट किया।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article