क्रिकेट

IND-W vs IRE-W 2nd ODI Preview: आयरलैंड के खिलाफ सीरीज पर कब्जा उतरेगी भारतीय महिला टीम, मैच से जुड़ी हर जानकारी यहां देखें

IND-W vs IRE-W 2nd ODI Preview: भारत महिला टीम और आयरलैंड महिला टीम के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा और अहम मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार जीत हासिल कर 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है।

Image

स्मृति मंधाना। (फोटो- BCCI Women X)

Photo : Twitter

IND-W vs IRE-W 2nd ODI Preview: युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से पहले मैच में आसान जीत दर्ज करने वाली भारतीय महिला टीम आयरलैंड के खिलाफ रविवार को होने दूसरे महिला एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में अपना अच्छा खेल जारी रखकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगी।

अपेक्षाकृत कम अनुभवी टीम उतारने के बावजूद भारत ने पहले वनडे में छह विकेट से जीत दर्ज करके तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। कप्तान स्मृति मंधाना ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखकर 41 रन बनाकर भारत को ठोस शुरुआत दिलाई जबकि प्रतिका रावल और तेजल हसब्निस ने शतकीय साझेदारी निभाकर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाया।

भारत के लिए यह जीत इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर और तेज गेंदबाजी की अगुआ रेणुका सिंह को विश्राम दिया गया है और वे इस श्रृंखला में नहीं खेल रहे हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली सीरीज में सर्वाधिक विकेट लेने वाली रेणुका की अनुपस्थिति में टिटास साधु ने अच्छा प्रदर्शन किया जबकि सयाली सतघरे और साइमा ठाकोर ने भी प्रभावशाली गेंदबाजी की। स्पिन विभाग में प्रिया मिश्रा और उप कप्तान दीप्ति शर्मा ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई।

भारत का क्षेत्ररक्षण अच्छा नहीं रहा। उसने लीह पॉल को दो बार जीवनदान दिया जिससे आयरलैंड चार विकेट पर 56 रन से उबरकर 200 से अधिक रन बनाने में सफल रहा। आयरलैंड के लिए कप्तान गैबी लुईस ने 92 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें मध्यक्रम से सहयोग नहीं मिला। पॉल ने भी जीवनदान का फायदा उठाते हुए अर्धशतक जड़ा। आयरलैंड को अगर भारत के सामने कड़ी चुनौती पेश करनी है तो उसके अन्य बल्लेबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

आयरलैंड के लिए सबसे बड़ी निराशा उसका गेंदबाजी आक्रमण रहा। तीन विकेट लेने वाली एमी मैगुइरे को छोड़कर उसके बाकी गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ पाए जिससे भारत ने 15 ओवर शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर दिया।

भारत और आयरलैंड की टीम इस प्रकार

भारत: स्मृति मंधाना (कप्तान), दीप्ति शर्मा (उप कप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रोड्रिग्स, उमा छेत्री (विकेटकीपर), ऋचा घोष (विकेटकीपर), तेजल हसब्निस, राघवी बिस्ट, मिन्नू मणि, प्रिया मिश्रा, तनुजा कंवेर, तितास साधु, साइमा ठाकोर, सयाली सतघरे।

आयरलैंड: गैबी लुईस (कप्तान), एवा कैनिंग, क्रिस्टीना कूल्टर रीली, अलाना डाल्ज़ेल, लौरा डेलानी, जॉर्जीना डेम्प्सी, सारा फोर्ब्स, अर्लीन केली, जोआना लॉफ्रान, एमी मैगुइरे, लीह पॉल, ओर्ला प्रेंडरगैस्ट, ऊना रेमंड-होए, फ्रेया सार्जेंट, रेबेका स्टोकेल।

मैच: सुबह 11 बजे शुरू होगा।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article