India vs Sri Lanka 2nd ODI Match, Wanindu Hasaranga Ruled out: मेहमान टीम भारत और मेजबान टीम श्रीलंका टीम के बीच एक और रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला आज खेला जाएगा। यह मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमादासा स्टेडियम में खेला जाएगा। लेकिन इस मुकाबले से पहले मेजबान टीम श्रीलंका को बड़ा झटका लगा। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, टीम के घातक गेंदबाज वानिंदु हसरंगा चोटिल होने के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। वे अब बचे दो मैच नहीं खेलेंगे। उनकी जगह टीम में 34 साल के लेग स्पिनर जेफरी वेंडरसे को आखिरी दो वनडे मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया है।
गेंदबाजी करते हुए वानिंदु हसरंगा। (फोटो- Sri Lanka Cricket X)
10वें ओवर की आखिरी गेंद पर हुआ था दर्द
भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 2 अगस्त को खेला गया था। यह मुकाबला काफी रोमांचक भरा रहा था। मेजबान श्रीलंका ने पहले खेलते हुए 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 230 रन बनाए और भारत को 231 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में खेलने उतरी टीम इंडिया 230 रन पर ऑलआउट हो गई और इसके साथ ही मैच टाई हो गया। इस दौरान श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा कि पहले वनडे के दौरान 10वें ओवर की आखिरी गेंद फेंकते समय हसरंगा को बाएं हैमस्ट्रिंग में दर्द महसूस हुआ। इसके बाद खिलाड़ी का एमआरआई कराया गया, जिसमें चोट की पुष्टि हुई।
ये खिलाड़ी हो चुके हैं चोटिल
भारत और श्रीलंका सीरीज से पहले मेजबान टीम को कई झटके लग चुके हैं। हसरंगा से पहले दिलशान मदुशंका (हैमस्ट्रिंग) और मथीशा पथिराना (कंधे) को सीरीज शुरू होने से पहले ही वनडे से बाहर कर दिया गया था। दुष्मंथा चमीरा और नुवान तुषारा को वनडे से पहले टी20आई मैचों से बाहर कर दिया गया था।
