Palestine Supporter Enters Ground To Hug Virat Kohli, World Cup Final: अहमदाबाद में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। टीम इंडिया पहले बैटिंग करने उतरी और इस दौरान एक अजीब घटना देखने को मिली। एक फिलिस्तीन समर्थक मैदान में घुस आया और विराट कोहली को गले लगाने की कोशिश की।
फिलिस्तीन समर्थक मैदान में घुसा (AP/Twitter)
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व कप फाइनल के दौरान सुरक्षा में एक बड़ी चूक हो गई। खचाखच भरे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जब भारतीय टीम बल्लेबाजी कर रही थी, तभी अचानक एक दर्शक मैदान में दाखिल हो गया और पिच तक जा पहुंचा जहां उसने विराट कोहली को गले लगाने की कोशिश की। इस लड़के की शर्ट पर फिलिस्तीन को आजाद करो (Free Palestine) लिखा हुआ था। विराट कोहली गुस्से में नजर आए और इस दर्शक को झटक दिया।
तभी सुरक्षाकर्मी दौड़ लगाकर पिच तक पहुंचे और इस लड़के को खींचकर मैदान से बाहर ले गए। इस लड़के ने अपने चेहरे पर मास्क भी पहना हुआ था। विश्व कप फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में ऐसी घटना सुरक्षा पर बड़ा सवाल उठाती है।
इसके बाद पुलिस ने इस लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पुलिस स्टेशन में बताया कि वो ऑस्ट्रेलियाई नागरिक है। उसका नाम जॉन है। उसके पिता चीनी हैं और मां फिलिपीन्स से हैं। ऑस्ट्रेलियाई शख्स से पूछताछ करने गुजरात एटीएस और क्राइम ब्रांच की टीम चांदखेड़ा पुलिस स्टेशन पहुंची।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी इस मुकाबले में भारतीय टीम ने अपने पहले तीन विकेट सस्ते में गंवा दिए। रोहित शर्मा ने 47 रनों की पारी खेली और वो आउट हुए, वहीं, शुभमन गिल 4 रन बनाकर आउट हुए, कुछ ही समय बाद श्रेयस अय्यर भी 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
