क्रिकेट

Ind vs Aus: बहुत जल्दी खत्म हो गया मैच बोले स्मिथ, 'कैच ऑफ द सेंचुरी' को लेकर भी दी प्रतिक्रिया

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Mar 19, 2023, 06:58 PM IST

Ind vs Aus: 3 मैच की वनडे सीरीज में 1-1 की बराबरी करने के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने प्रतिक्रिया दी। स्मिथ ने कहा कि 37 ओवर में वनडे मैच खत्म हो जाए ऐसा हर दिन नहीं होता है। साथ ही उन्होंने मिचेल स्टार्क की तारीफ की। स्टार्क ने 5 विकेट हासिल किए थे।

Image

स्टीव स्मिथ

Photo : Twitter

मुंबई के बाद विशाखापट्टनम वनडे में भी भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप रही। नतीजा स्टार बल्लेबाजों से सजी टीम इंडिया 26 ओवर में केवल 117 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की तरफ से चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। टी20 के नंबर वन बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को लगातार दूसरी बार गोल्डन डक का शिकार हुए। भारत की तरफ से सर्वाधिक रन विराट कोहली ने बनाए। उन्होंने 31 रन की पारी खेली।

11 ओवर में जीता ऑस्ट्रेलिया

118 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी के दम पर केवल 11 ओवर में हासिल कर लिया। मार्श ने 6 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 36 गेंद में 66 रन बनाए, जबकि हेड ने 30 गेंद पर 51 रन की पारी खेली। दोनों ने भारत के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

जीत के बाद स्टीव स्मिथ की प्रतिक्रिया

इस बड़ी जीत से उत्साहित स्टीव स्मिथ ने मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड की तारीफ की। उन्होंने कहा 'यह बहुत जल्दी था, 37 ओवर में वनडे मैच खत्म नहीं होता। नई गेंद से स्टार्क ने दबाव बनाया। मुझे नहीं पता था कि विकेट ऐसा खेलेगा। मैंने अपने दिमाग़ में कोई लक्ष्य (टोटल) भी निर्धारित नहीं किया था। हम अपनी योजनाओं को अच्छी तरह से मैदान पर लागू कर पाए और सभी चीज़ें हमारे पक्ष में गईं। यह हमारा दिन था। इसके बाद मार्श और हेड ने हमें बेहतरीन शुरुआत दिलाई और हम पहले मैच के बाद वापसी करने में कामयाब रहे।

हार्दिक के कैच पर दी प्रतिक्रिया

स्टीव स्मिथ ने स्लीप में हार्दिक पांड्या का एक बेहतरीन कैच पकड़ा था, जिसकी खूब तारीफ भी हो रही है। इस कैच को लेकर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी। स्मिथ ने कहा 'कैच ऑफ द सेंचुरी के बारे में नहीं जानता। अच्छा हुआ जो मैं वह कैच पकड़ पाया। यह बड़ा विकेट था, हार्दिक अविश्वसनीय खिलाड़ी है।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article