
IND vs AUS Highlights: वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का विजयी आगाज, मुश्किल से निकालकर विराट-राहुल ने दिलाई जीत
India vs Australia World Cup 2023 Highlights (भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया विश्व कप मैच क्रिकेट स्कोर का सीधा प्रसारण): मेजबान भारत ने क्रिकेट के महाकुंभ यानी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में जीत के साथ आगाज किया। चेन्नई के चेपक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत के खिलाफ खराब शुरुआत करने वाली ऑस्ट्रेलिया टीम ने 49.3 ओवर में 199 पर ढेर हो गई और मेजबान भारत को 200 रन का लक्ष्य दिया। टीम के सिर्फ दो खिलाफ ही 40+ स्कोर कर पाए। स्टीव स्मिथ ने 5 चौके की मदद से सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। वहीं, डेविड वॉर्नर ने 6 चौके की मदद से 41 रन बनाए। भारत के गेंदबाज रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए, जबकि कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट झटके। जवाब में खेलने उतरी भारतीय टीम ने 52 गेंद शेष रहते हुए 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 2 रन पर तीन के तीन धाकड़ बल्लेबाज आउट होकर पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद विराट कोहली और केएल राहुल ने तीसरे विकेट के लिए 165 रन की साझेदारी कर न केवल टीम को संभाला, बल्कि टीम को जीत के करीब भी पहुंचाया। कोहली ने 85 रन की शानदार पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने 97 रन की नाबाद पारी खेलकर जीत दिलाई। ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए।