IND vs AFG Test: भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट के पहले दिन कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। गिल अब कप्तान के तौर पर टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले महान भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। उन्होंने विराट कोहली, सुनील गावस्कर जैसे दिग्गजों की फेहरिस्त में अपनी जगह बना ली है। टेस्ट क्रिकेट में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। कोहली ने 113 पारियों में 20 शतक लगाए थे। दूसरे नंबर पर सुनील गावस्कर हैं जिन्होंने 74 पारियों में 11 शतक जड़े थे। मोहम्मद अजहरुद्दीन 78 पारियों में 9 शतक के साथ तीसरे और सचिन तेंदुलकर 43 पारियों में 7 शतक के साथ चौथे नंबर पर हैं। अब इस लिस्ट में शुभमन गिल की भी एंट्री हो गई है।
मात्र 15 पारी में लगा दिए 6 शतक
गिल ने कप्तान के तौर पर सिर्फ 15 पारियों में ही 6 शतक पूरे कर लिए हैं। मुल्लांपुर टेस्ट की पहली पारी में 103 रन बनाकर नाबाद रहते ही गिल ने ये कमाल किया। कप्तान बनने के बाद से शुभमन गिल का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। अफगानिस्तान के खिलाफ ये शतक कप्तान के तौर पर उनकी लगातार तीसरी सेंचुरी है। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी शतक जड़े थे। सिर्फ 25 साल की उम्र में गिल ने अपनी कप्तानी में 6 शतक लगा दिए हैं। गिल ने अभी सिर्फ 9 टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी की है और 6 शतक जड़ दिए हैं।
पहले दिन कैसा रहा भारतीय टीम का प्रदर्शन
चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कप्तान शुभमन गिल का फैसला सही साबित हुआ और पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 3 विकेट पर 368 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। पहले दिन स्टंप तक भारतीय कप्तान शुभमन गिल 103 और ऋषभ पंत 50 रन बनाकर नाबाद हैं। गिल के अलावा केएल राहुल ने भी 100 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा साई सुदर्शन 81 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल टीम इंडिया पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद मजबूत स्थिति में है। पहले दिन 368 रन बनाने के बाद भारत की नजर पहली पारी में बड़े स्कोर पर होगी।
