IND (India) vs AFG (Afghanistan) 1st T20 Pitch Report and Mohali Weather Forecast Today Match: नए साल में भारतीय क्रिकेट टीम अपनी पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए तैयार है। मेजबान टीम इंडिया का सामना अफगानिस्तान क्रिकेट टीम से होगा, जिसके खिलाफ भारत तीन टी20 मैचों की द्विपक्षीय सीरीज खेलने जा रही है। आज इस सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले टीम इंडिया की ये अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज होगी, ऐसे में टीम प्रबंधन को इसी सीरीज में सारे जरूरी प्रयोग करने होंगे। आज होने वाला भारत-अफगानिस्तान पहला टी20 मुकाबला मोहाली में खेला जाएगा। भारतीय टी20 टीम में 13 महीने बाद वापसी करने वाले रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की अगुवाई में टीम इंडिया मैदान पर उतरेगी, वहीं विराट कोहली (Virat Kohli) निजी कारणों से पहले टी20 का हिस्सा नहीं होंगे।
भारत बनाम अफगानिस्तान पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट
भारत और अफगानिस्तान इससे पहले आखिरी बार पिछले साल वनडे विश्व कप में आमने-सामने आए थे। उस मैच में अफगानिस्तान ने भारत को 273 रनों का लक्ष्य दिया था और टीम इंडिया ने जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी। अगर बात करें टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास की, तो इन दोनों टीमों के बीच अब तक 5 टी20 मैचों का आयोजन हुआ है, दिलचस्प बात है कि ये सभी मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले गए। इन 5 टी20 मुकाबलों में भारत ने 4 मैच जीते जबकि एक मैच बेनतीजा रहा था। यानी भारत के खिलाफ क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में अब भी अफगानिस्तान का खाता खुलना बाकी है। आज से होने वाली टी20 सीरीज के पहले मैच में अफगानिस्तानी टीम के स्टार खिलाड़ी राशिद खान भी मौजूद नहीं होंगे। आइए जानते हैं पहले टी20 की पिच रिपोर्ट और मोहाली के मौसम की स्थिति।
भारत-अफगानिस्तान पहले टी20 मैच की पिच रिपोर्ट कैसी रहेगी? (IND vs AFG 1st T20 Pitch Report)
आज होने वाला भारत बनाम अफगानिस्तान पहला टी20 मैच मोहाली में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के आईएस बिंद्रा स्टेडियम (IS Bindra Stadium) में खेला जाएगा। इस मैदान पर अब तक सिर्फ 6 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं जिसमें भारत ने 4 मैच खेले हैं और इन चार मुकाबलों में टीम इंडिया तीन मैचों में जीतने में सफल रही लेकिन एक मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा था। जिस मुकाबले में भारत को इस मैदान पर हार झेलनी पड़ी थी, वो इस ग्राउंड का आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी था जो सितंबर 2022 में हुआ था। उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टीम इंडिया को शिकस्त दी थी। यहां की पिच पर अधिकतर टी20 मुकाबलों में स्कोर 150 पार जाता नजर आया है। जबकि पिछले मुकाबले में तो टीम इंडिया द्वारा 209 रनों का लक्ष्य देने के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने चार गेंदें बाकी रहते 4 विकेट से जीत दर्ज कर ली थी। गेंदबाजों में यहां जितना फायदा तेज गेंदबाजों को शुरुआत और अंत में मिलता दिखता है, उतना ही फायदा स्पिनर्स को बीच के ओवरों में मिलता देखा जा सकता है।
आज कैसा रहेगा मोहाली का मौसम? (Mohali Weather Today)
तीन टी20 मैचों की सीरीज में भारत और अफगानिस्तान का पहला मुकाबला मोहाली में खेला जाएगा। देश के इस हिस्से में इस समय जबरदस्त ठंड पड़ रही है और पहाड़ों के नजदीक होने के कारण मोहाली का मौसम वैसे ही काफी ठंडा रहता है। पिछले कुछ दिनों में यहां ओस का इतना प्रभाव तो नजर नहीं आया है लेकिन ये तय है कि शाम 7 बजे शुरू होने वाले इस मैच में घास पर ओस की मौजूदगी जरूर नजर आने वाली है और जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, ठंड और ओस का प्रभाव भी बढ़ेगा। दिन में आज मोहाली में हल्की धूप जरूर रहेगी लेकिन शाम बहुत ठंडी रहने वाली है। बारिश होने का कोई अनुमान नहीं है। अगर तापमान की बात करें तो मोहाली में आज अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिर सकता है।
भारत और अफगानिस्तान की टी20 टीमें
भारतीय क्रिकेट टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली (पहले मैच में उपलब्ध नहीं), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, आवेश खान, मुकेश कुमार, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह।
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम: इब्राहिम जदरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इकराम अलीखिल, हजरतुल्लाह जजाइ, रहमत शाह, नजीबुल्लाह जदरान, मोहम्मद कबी, करीम जन्नत, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नूर अहमद, मोहम्मद सलीम, कैस अहमद, गुलबदन नायब, राशिद खान (पहले मैच में उपलब्ध नहीं), मुजीबुर रहमान, फजलहक फारूकी, फरीद अहमद और नवीनुल हक।
