मुंबई। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को आईपीएल के नए सीजन का शेडयूल जारी कर दिया है। इस बार आईपीएल 2023 के पहले मैच में हार्दिक पंड्या की टीम गुजरात टाइटंस का सामना धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। सीजन की शुरुआत 31 मार्च से होगी। कुल 10 टीमों के बीच कुल 70 मैच खेले जाएंगे।
हार्दिक पंड्या और एमएस धोनी। फोटो- हार्दिक के ट्विटर से
गुजरात ने पहली बार में जीता था खिताब
हार्दिक पंड्या की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने पहली बार में ही आईपीएल के खिताब पर कब्जा जमाया था। गुजरात ने पिछले सीजन के खिताबी मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर टाइटल पर कब्जा जमाया था। इस मुकाबले में शुभमन गिल ने नाबाद 45 रन की शानदार पारी खेली थी, जबकि कप्तान हार्दिक ने 34 रन बनाए थे।धोनी की टीम लीग से हो गई थी बाहर
धोनी की कप्तानी वाली टीम चेन्नई सुपर किंग्स पिछले सीजन में लीग मुकाबले से बाहर हो गई थी। टीम ने कुल 14 मुकाबले में से सिर्फ 4 में जीत हासिल कर पाई थी, जबकि 10 मुकाबले में हार झेलनी पड़ी थी। चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल की दूसरी सबसे सफल टीम है। चेन्नई ने 2010, 2011, 2018 और 2021 में खिताब अपने नाम किया था।
