मुंबई: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का आगाज 11 जनवरी, 2026 को होने जा रहा है। सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल होने वाले टीम के नए उपकप्तान श्रेयस अय्यर की वापसी हो चुकी है। अय्यर को टीम में सशर्त जगह दी गई है। उनका मैदान पर उतरना बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस की फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर है। अगर अय्यर फिटनेस साबित करने में नाकाम रहते हैं तो टीम में उनकी जगह किसी और खिलाड़ी को शामिल किया जाएगा। ऐसे में आइए जानते हैं अय्यर की गैरमौजूदगी में किस खिलाड़ी को मिल सकती है जगह?
मैदान पर 100 ओवर रहने पर है संशय
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक श्रेयस अय्यर वडोदरा में खेले जाने वाले सीरीज के पहले मुकाबले के लिए 99 प्रतिशत उपलब्ध रहेंगे। बीसीसीआई के सूत्र ने क्रिकबज को बताया,'वो(श्रेयस) पहले मैच में 99 प्रतिशत उपलब्ध रहेंगे। सीओए को एक प्रतिशत शंका है कि वो 100 ओवर तक मैदान पर बने रहेंगे या नहीं। इस बात का आकलन विजय हजारी ट्रॉफी के मुकाबले में हो जाएगा। अय्यर 5 जनवरी को जयपुर में मुंबई की टीम से जुड़ेंगे। वो हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में मुंबई के लिए खेलते नजर आएंगे।
सीओई से मिला क्लियरेंस तो जाएगे वडोदरा
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, यदि श्रेयस अय्यर को बीसीसीआई की मेडिकल टीम से क्लियरेंस मिल जाती है तो वनडे टीम से जुड़ने के लिए वडोदरा रवाना हो जाएंगे। अगर उनकी फिटनेस को लेकर किसी तरह की आशंका बरकरार रहती है तो वो मुंबई के लिए पंजाब के खिलाफ एलीट ग्रुप सी के मैच में पंजाब के खिलाफ 8 जनवरी को अपनी फिटनेस साबि करने के लिए खेलते नजर आएंगे। उसके बाद वो टीम से वडोदरा में जुड़ेंगे।' ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए सीरीज के तीसरे वनडे में फील्डिंग करते हुए अय्यर घायल हो गए थे। उनकी स्पलीन में चोट लगी थी। अक्तूबर 2025 के बाद से श्रेयस मैदान से बाहर हैं। 6 जनवरी को उनकी मैदान पर वापसी तय है।
फिटनेस नहीं साबित करने पर मिलेगा रुतुराज का मौका
अगर श्रेयस अय्यर को बीसीसीआई की मेडिकल टीम की ओर से क्लियरेंस नहीं मिलती है तो चयनकर्ता दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में शतक जड़ने वाले महाराष्ट्र के बैटर रुतुराज गायकवाड़ को शामिल करेंगे। हालांकि ऐसा होने की संभावना बेहद कम है। अय्यर की गैरमौजूदगी में रुतुराज ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नंबर चार पर बल्लेबाजी की थी और रायपुर में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे में शानदार शतक जड़ा था।
