क्रिकेट

AUS W vs SA W, Match Preview: भारत किससे खेलेगा सेमीफाइनल? तय करेगी ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की भिड़ंत

भारतीय टीम वनडे विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में किस टीम से भिड़ेगी इसका फैसला ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच शनिवार को इंदौर में खेले जाने वाले मुकाबले से होगा। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

ऑस्ट्रेलिया विमेन बनाम दक्षिण अफ्रीका विमेन मैच प्रीव्यू

Photo : AP

इंदौर: अब तक अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित करने वाले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका शनिवार को इंदौर में जब महिला वनडे विश्व कप के मैच में एक दूसरे का सामना करेंगे तो उनका लक्ष्य सेमीफाइनल से पहले अपनी जीत की लय को बरकरार रखना होगा। ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद होगी कि उनकी कप्तान एलिसा हीली फिट होकर इस मैच में खेलने के लिए तैयार होगी। कप्तान, सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर की तिहरी भूमिका निभाने वाले हीली को बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ मैच से पहले अभ्यास के दौरान पिंडली में चोट लग गई थी। ताहिलया मैकग्रा की कप्तानी में सात बार की चैंपियन टीम ने इस मैच में बड़ी जीत हासिल की थी।

एलिसा हीली की फिटनेस है ऑस्ट्रेलिया के लिए चिंता का विषय

दक्षिण अफ्रीका ने पहले मैच में इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट से मिली करारी हार के बाद शानदार वापसी करके लगातार पांच मैच जीतकर विरोधी टीमों के पास स्पष्ट संदेश पहुंचा दिया है। ऐसे में 35 वर्षीय हीली की फिटनेस इस चुनौती से निपटने के लिए और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि वह टूर्नामेंट में बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। हीली ने भारत और बांग्लादेश के खिलाफ लगातार मैच में शतक बनाए, जिससे वह दो मैच कम खेलने के बावजूद भारत की स्मृति मंधाना और प्रतीका रावल के बाद मौजूदा टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में तीसरे स्थान पर काबिज है।

ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी में है गहराई

इंग्लैंड के खिलाफ हीली की अनुपस्थिति के कारण बल्लेबाजी क्रम में काफी बदलाव करना पड़ा, लेकिन एनाबेल सदरलैंड और एशले गार्डनर के बीच 180 रन की अटूट साझेदारी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच आसानी से जीता। ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी में जिस तरह की गहराई है और जिस तरह से उनके पास तेज और स्पिन गेंदबाजों की भरमार है, उसे देखते हुए दक्षिण अफ्रीका को उसे हराने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे।

अफ्रीकी टीम की बल्लेबाजी है कमजोर

दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की गहराई से अच्छी तरह वाकिफ होंगी और उन्हें अपनी तेज गेंदबाज मारिजाने काप से यादगार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। काप ने अब तक छह विकेट लेकर और दो अर्धशतक लगाकर अपनी ऑलराउंडर भूमिका बखूबी निभाई है। लेकिन सलामी बल्लेबाज़ वोल्वार्ड्ट, ताज़मिन ब्रिट्स और शीर्ष क्रम की बल्लेबाज़ सुने लुस की तिकड़ी को ज़्यादातर रन बनाने होंगे, क्योंकि दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी में ऑस्ट्रेलिया की तरह गहराई नहीं है।

दोनों टीम इस प्रकार हैं:

ऑस्ट्रेलिया:

एलिसा हीली (कप्तान और विकेटकीपर), डार्सी ब्राउन, एशले गार्डनर, किम गर्थ, हीथर ग्राहम, अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, ताहलिया मैकग्रा, सोफी मोलिनी, बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम।

दक्षिण अफ्रीका:

लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), एनेके बॉश, तज़मिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसेन, सिनालो जाफ्ता, मारिज़ैन काप, अयाबोंगा खाका, मसाबाता क्लास, सुने लुस, कराबो मेसो, नॉनकुलुलेको म्लाबा, तुमी सेखुखुने, क्लोमिसो थंगारियोन।

मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article