क्रिकेट

अब श्रीलंका में नहीं होगा 2027 महिला चैंपियंस ट्रॉफी, आईसीसी ने बताया कारण क्यों छीनी मेजबानी

श्रीलंका से चैंपियंस ट्रॉफी के मेजबानी छीन ली गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी अपनी अगली बोर्ड बैठक में टूर्नामेंट के नए आयोजन स्थल का फैसला कर सकता है।

Image

भारत और श्रीलंका (साभार-X)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने श्रीलंका क्रिकेट के प्रशासन में सरकार के हस्तक्षेप के कारण 2027 में होने वाली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का अधिकार श्रीलंका से वापस ले लिया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका को छह टीम वाले इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के पहले चरण की मेजबानी करनी थी। इसमें मेजबान श्रीलंका सहित कुल छह टीम शामिल होनी थीं। हालांकि मेजबानी छिनने का असर श्रीलंका की टूर्नामेंट में भागीदारी पर भी पड़ सकता है।श्रीलंका क्रिकेट की परिवर्तन (ट्रांसफोर्मेशन) समिति के सचिव प्रकाश शाफ्टर ने ’द संडे टाइम्स’ से कहा, ’’हां, इसे श्रीलंका से बाहर कर दिया गया है। यह किसी अन्य स्थान पर खेला जाएगा, लेकिन फिलहाल मुझे नहीं पता कि आयोजन कहां होगा। ’’

रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी अपनी अगली बोर्ड बैठक में टूर्नामेंट के नए आयोजन स्थल का फैसला कर सकता है। श्रीलंका से मेजबानी छिने जाने से क्रिकेट बोर्ड को आर्थिक नुकसान भी होने की संभावना है। फिलहाल श्रीलंका क्रिकेट का प्रशासन सरकार द्वारा नियुक्त परिवर्तन समिति चला रही है। इस समिति का गठन क्रिकेट बोर्ड में सुधार, संविधान में बदलाव और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया गया था।

रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी राजनीतिक रूप से नियुक्त अंतरिम प्रशासन को मान्यता नहीं देता और परिवर्तन समिति के कार्यभार संभालने के बाद से श्रीलंका क्रिकेट के प्रतिनिधियों को आईसीसी बोर्ड की बैठकों में शामिल होने की अनुमति भी नहीं दी गई है। जुलाई में जारी एक बयान में आईसीसी ने कहा था कि उसके बोर्ड को श्रीलंका क्रिकेट के बारे में संशोधित संविधान की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी दी गई है। आईसीसी ने जल्द से जल्द चुनाव कराने की जरूरत भी दोहराई थी और कहा था कि फिलहाल श्रीलंका क्रिकेट आईसीसी बोर्ड की बैठकों में प्रतिनिधित्व नहीं कर सकेगा।

टूर्नामेंट का आयोजन श्रीलंका से बाहर होने के कारण उसकी महिला टीम के टूर्नामेंट से बाहर होने की संभावना भी बन गई है। मूल योजना के अनुसार टूर्नामेंट में शीर्ष पांच रैंकिंग वाली टीम और मेजबान देश शामिल होने थे। फिलहाल श्रीलंका महिला टीम की रैंकिंग छठे स्थान पर है। यदि वह मेजबान नहीं रहती, तो उसकी सीधे टूर्नामेंट में जगह बनने की संभावना कम हो सकती है।

यह पहली बार नहीं है जब आईसीसी ने श्रीलंका से किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी छीनी है। 2023 में आईसीसी ने 2024 अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी भी श्रीलंका से वापस ले ली थी। उस समय तत्कालीन खेल मंत्री ने श्रीलंका बोर्ड की निर्वाचित प्रशासनिक व्यवस्था को भंग करके एक अंतरिम समिति नियुक्त कर दी थी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article