दुबई: भारत के युवा आतिशी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन का ईनाम मिला है। धर्मशाला में खेले जाने वाले सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट से पहले जायसवाल की टेस्ट रैंकिंग में टॉप-10 में एंट्री हो गई है। जायसवाल पिछले सप्ताह 12वें पायदान पर थे। लेकिन इस सप्ताह वो दो स्थान की छलांग लगाकर दसवें स्थान पर पहुंच गए हैं। जायसवाल के खाते में 727 रेटिंग प्वाइंट हैं।
यशस्वी जायसवाल
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से नदारद रहे विराट कोहली अभी भी टेस्ट रैकिंग में भारत के नंबर वन बल्लेबाज बने हुए हैं। विराट 744 रेटिंग प्वाइंट के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्हें भी एक स्थान का फायदा हुआ है। रोहित शर्मा को भी दो स्थान का फायदा हुआ है वो 13वें से 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। एक साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे ऋषभ पंत अभी भी 14वें स्थान पर काबिज हैं।
टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में भारतीय गेंदबाजों के दबदबा कायम है। जसप्रीत बुमराह 867 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ दुनिया के नंबर एक टेस्ट गेंदबाज बने हुए हैं। वहीं रविचंद्रन अश्विन 846 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ दूसरे पायदान पर काबिज हैं। दोनों की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है। रवींद्र जडेजा एक छठे से सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
ऑलराउंडर्स की टेस्ट रैकिंग में पहले दो पायदान पर रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन जमे हुए हैं। अक्षर पटेल भी ऑलराउंडर्स में पाचवें स्थान पर काबिज हैं।
