ICC ODI Rankings: आईसीसी ने बुधवार को वनडे के शीर्ष बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग जारी की है। रैंकिंग में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अपना पहला स्थान बरकरार रखने में कामयाब रहे हैं। रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे वनडे में शतक लगाने के बाद करियर में पहली बार शीर्ष रैंक हासिल की थी। रोहित के अलावा शीर्ष दस में शुभमन गिल, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर भारतीय बल्लेबाज हैं।
रोहित शर्मा (फोटो- BCCI)
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड को 3-0 से जीत मिली थी। इस जीत में न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने अहम भूमिका निभाई थी और 178 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। इस प्रदर्शन का फायदा मिचेल को हुआ है। उन्होंने वनडे में अपने करियर की अब तक की श्रेष्ठ रैंक हासिल की है। मिचेल तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्हें ताजा रैंकिंग में दो स्थान का फायदा हुआ है।
बाबर और गिल को नुकसान
अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान दूसरे स्थान पर हैं। शुभमन गिल और बाबर आजम दोनों को एक-एक स्थान का नुकसान हुआ है। गिल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के एक भी मैच में बड़ी पारी खेलने में असफल रहे थे। इसका उन्हें नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं बाबर आजम मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मैच में फ्लॉप रहे थे। इसका उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो वनडे और खेले जाने हैं। बाबर आजम के पास बेहतर प्रदर्शन करते हुए रैंकिंग सुधारने का मौका है।गिल चौथे स्थान पर जबकि बाबर आजम पांचवें स्थान पर हैं। विराट कोहली छठे, श्रीलंका के कप्तान चरिथ असालंका सातवें, आयरलैंड के हैरी टैक्टर आठवें, श्रेयस अय्यर नौवें और वेस्टइंडीज के शाई होप दसवें स्थान पर हैं।
टी20 रैंकिंग का ऐसा है हाल
भारत के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और स्पिनर वरूण चक्रवर्ती ने आईसीसी पुरूष टी20 खिलाड़ियों की बुधवार को जारी रैंकिंग में बल्लेबाजों और गेंदबाजों में शीर्ष स्थान कायम रखा है ।अभिषेक बल्लेबाजों की रैंकिंग में 925 रेटिंग अंक लेकर शीर्ष पर है जबकि इंग्लैंड के फिल साल्ट और भारत के तिलक वर्मा उनके बाद हैं । भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव आठवें स्थान पर हैं ।गेंदबाजों में चक्रवर्ती शीर्ष पर हैं जबकि आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड दसवें स्थान पर आ गए हैं । वेस्टइंडीज के अकील हुसैन दूसरे और अफगानिस्तान के राशिद खान तीसरे स्थान पर हैं । भारत का कोई अन्य गेंदबाज शीर्ष दस में नहीं है ।हरफनमौलाओं की सूची में भारत के हार्दिक पंड्या चौथे स्थान पर हैं । पाकिस्तान के सईम अयूब शीर्ष पर, जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा दूसरे और वेस्टइंडीज के रोस्टन चेस तीसरे स्थान पर हैं ।
