मुंबई: विश्व कप 2023 में फॉर्म से जूझ रहे श्रेयस अय्यर ने अपने घरेलू मैदान में शानदार अंदाज में वापसी की। श्रीलंका के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में अय्यर ने चौथे पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंद में 82 रन जड़ दिए। इस पारी के दौरान उन्होंने 3 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के जड़े। अय्यर दुर्भाग्यशाली रहे और वानखेड़े स्टेडियम में शतक जड़ने से चूक गए। अय्यर को दिलशान मधुशंका ने महीष तीक्ष्णा के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेजी।
36 गेंद में अय्यर ने जड़ा आतिशी पचासा
अय्यर जब बल्लेबाजी करने उतरे तब टीम इंडिया का स्कोर 3 विकेट पर 196 रन हो गया था। इस स्टेज का अय्यर ने पूरा फायदा उठाया और शुरुआत में ही तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए। अय्यर ने 36 गेंद में 2 चौके और 4 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद वो तेजी से शतक की ओर बढ़ते दिख रहे थे लेकिन छक्का जड़ने की उनकी कोशिश नाकाम रही लेकिन वो टीम को 300 रन के पार पहुंचाकर पवेलियन वापस लौटे।
मुश्किल में भी अय्यर ने बनाए रन
अय्यर ने पिछले 6 मैचों में 0, 25*, 53*, 19, 33 और 4 रन की पारियां खेली थीं। पाकिस्तान के खिलाफ अहमदाबाद में 53* रन की पारी खेली थी। यह मौजूदा विश्व कप में अय्यर के बल्ले से निकला दूसरा अर्धशतक है। विश्व कप में अब अय्यर के नाम 43.20 के औसत और 100.93 के स्ट्राइकरेट से 216 रन हो गए हैं। जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं।
बने तीसरे सबसे तेज दो हजारी
श्रेयस अय्यर ने अपनी इस पारी के दौरान वनडे क्रिकेट में 2 हजार रन भी पूरे कर लिए। अय्यर वनडे में सबसे तेज 2 हजार रन पूरे करने वाले तीसरे भारतीय हैं। शुभमन गिल ने सबसे तेज 38 पारियों में 2 हजार रन पूरे किए थे। वहीं दूसरे पायदान पर काबिज शिखर धवन को इसके लिए 46 पारियां खेलनी पड़ी थीं।
