लॉस एंजिल्स: आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने लॉस एंजिल्स में एलए नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड के उद्घाटन को क्रिकेट के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक अहम कदम बताया है। उन्होंने इसे ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी के लिए 'एक अहम पड़ाव' करार दिया। नाइट राइडर्स ग्रुप द्वारा बनाए गए इस अत्याधुनिक स्टेडियम में बुधवार को पहला मेजर लीग क्रिकेट (MLC) मैच खेला गया, जिसमें लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स का मुकाबला वॉशिंगटन फ्रीडम से हुआ। इसके साथ ही यह फ्रेंचाइजी इंटरनेशनल स्टैंडर्ड का क्रिकेट स्टेडियम बनाने वाला पहला ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन गया है।
ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी की दिशा में एक अहम पड़ाव
बॉलीवुड सुपरस्टार और नाइट राइडर्स ग्रुप के सह मालिक शाहरुख खान को बधाई देते हुए-इस प्रोजेक्ट को एक सपने के सच होने जैसा बताया। उन्होंने कहा, यह पहल उभरते हुए बाजारों में क्रिकेट के विस्तार में अहम भूमिका निभाएगी। जय शाह ने एक्स पर लिखा, शाहरुख खान आपको बधाई। यह ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी की दिशा में एक अहम पड़ाव है, जो एलए नाइट राइडर्स, एलए 28 और आईसीसी के सहयोग से संभव हुआ है।'
दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाना है एक सामूहिक प्रयास
आईसीसी चेयरमैन ने कहा कि क्रिकेट का लगातार ग्लोबल विकास खेल से जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करता है। उन्होंने आगे कहा, 'दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाना एक सामूहिक प्रयास है, और इस तरह की पहल से फैंस और खिलाड़ियों के लिए नए इकोसिस्टम बनते हैं, जो इस विकास को बढ़ावा देते हैं। मैं आपको शुभकामनाएं देता हूं और आपके साथ आगे की यात्रा के लिए उत्सुक हूं।'
पूरा हुआ लंबे समय से देखा एक सपना
इससे पहले, शाहरुख खान ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाते हुए स्टेडियम के उद्घाटन को एक लंबे समय से देखे गए सपने के सच होने जैसा बताया था। शाहरुख ने एक्स पर पोस्ट किया,'जो एक सपने के रूप में शुरू हुआ था... वह आज हकीकत बन गया है। एलए में नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड में आप सभी का स्वागत है। यह जगह सिर्फ खेल के लिए ही नहीं, बल्कि मनोरंजन और परिवारिक यादों के लिए बनाई गई है जो हमेशा बनी रहेंगी।'
शाहरुख ने किया आईसीसी और जय शाह का शुक्रिया
बॉलीवुड के किंग कहे जाने वाले शाहरुख ने इस बड़े प्रोजेक्ट को हकीकत बनाने में मदद के लिए जय शाह, आईसीसी और सीईओ संजोग गुप्ता का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, 'जयभाई का खास शुक्रिया, जो इस सफ़र में बहुत मददगार रहे हैं। जयशाह, आईसीसी और संजोग गुप्ता का भी बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने इतना सपोर्ट किया। यह एलए के लिए, दुनिया भर के क्रिकेट फैन्स के लिए और नाइट राइडर्स फैमिली के लिए है। पर्पल और गोल्ड पर भरोसा रखें। एलए नाइट राइडर्स के घर में आपका स्वागत है।'
अमेरिका में है बड़ा इन्फ्रास्ट्रक्चर निवेश
इंटरनेशनल स्टैंडर्ड्स के हिसाब से बना नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड, अमेरिका में क्रिकेट इंफ़्रास्ट्रक्चर में एक बड़ा निवेश है। मेजर लीग क्रिकेट मैच होस्ट करने के अलावा, उम्मीद है कि लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक्स में क्रिकेट की वापसी से पहले यह वेन्यू नॉर्थ अमेरिका में क्रिकेट के विस्तार में अहम भूमिका निभाएगा।
