अहमदाबाद: मेजबान भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड को 70 रन से पटखनी देकर विश्व कप 2023 के फाइनल में पहुंच चुकी है। टीम इंडिया की खिताबी मुकाबले में पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के साथ भिड़ंत होगी। ऐसे में धमाकेदार मुकाबले का स्टेडियम में जाकर साक्षी बनने की इच्छा हर क्रिकेट प्रेमी की है, लेकिन दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में लगभग 1 लाख 32 हजार लोग ही एक साथ इस मैच का लुत्फ उठा सकते हैं।
कितनी कीमत में मिल रहा है फाइनल का टिकट
ऐसे में अब सबके मन में सवाल उठ रहा है कि क्या अभी भी विश्व कप 2023 के खिताबी मुकाबले की टिकट खरीदी जा सकती हैं। यदि हां, तो कहां, कैसे और टिकट की कितनी है कीमत। आपको भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले विश्व कप 2023 के खिताबी मुकाबले का साक्षी बनने के लिए कितनी जेब ढ़ीली करनी पड़ेगी।
आधिकारिक साइट पर उपलब्ध नहीं है टिकट
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले की 10000 रुपये की कीमत वाली टिकटें बुक माई शो पर उपलब्ध नहीं है। ये टिकटें पहले ही बिक चुकी हैं। कुछ अनाधिकारिक साइट्स पर फाइनल मुकाबले की टिकट उपलब्ध दिख रही हैं लेकिन इनकी कीमत 50 हजार से 1 लाख 18 हजार रुपये तक बताई जा रही है। ऐसे में आम किकेट प्रेमियों के लिए यह महंगा सौदा साबित होगा। ऐसी साइट्स से टिकट खरीदकर ऑनलाइन ठगी का शिकार हो सकते हैं।
नोट: टाइम्सनाउ आपको आधिकारिक साइट्स से इतर टिकट खरीदने की सलाह नहीं देता है।
