स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Heather Knight Retirement: लॉर्ड्स के मैदान पर खेले जा रहे इंग्लैंड बनाम भारत टेस्ट मुकाबले की बीच में इंग्लैंड महिला टीम की पूर्व वर्ल्ड कप विजेता कप्तान हीथर नाइट ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। नाइट का रिटायरमेंट इंग्लैंड के लिए ये एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि हीथर नाइट उनकी प्रमुख बल्लेबाजों में से एक हैं। हीथर नाइट ने अपने ऐलान के साथ साफ कर दिया कि भारतीय टीम के खिलाफ खेला जा रहा टेस्ट मुकाबला उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच होगा।
हीथर नाइट ने क्रिकेट को कहा अलविदा। फाइल फोटो
हीथर नाइट के अलावा लॉर्ड्स टेस्ट मैच का आगाज होने से पहले टैमी ब्यूमोंट ने भी अपने संन्यास का ऐलान करने के साथ इसे आखिरी मुकाबला बताया था। ऐसे में इंग्लैंड की टीम को दो बड़े झटके लगे हैं। इस टेस्ट मैच से पहले इंग्लैंड की टीम अपनी ही धरती पर ऑस्ट्रेलिया से महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में हार गई थी।
16 साल का लंबा करियर समाप्त
हीथर नाइट ने इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट का ऐलान करने के साथ कहा, एक इंग्लैंड क्रिकेटर के तौर पर जो सफर मैंने तय किया है, उसके लिए मैं सभी की आभारी हूं और अपने आप को भाग्यशाली मानती हूं। बीते 16 साल से जो लोग ड्रेसिंग रूम से लेकर मेरी जिंदगी का हिस्सा थे उससे दूर जाना बहुत मुश्किल है।
2010 में किया था डेब्यू
हीथर नाइट ने साल 2017 में लॉर्ड्स के मैदान पर भारतीय टीम के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में अपनी कप्तानी में इंग्लैंड को विजेता बनाया था। हीथर नाइट ने साल 2010 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने कुल 199 मैचों में इंग्लैंड टीम की कप्तानी की। नाइट ने 160 वनडे मैचों में 4372 रन बनाए, जिनमें तीन शतक और 27 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। वहीं, 145 टी20 मैचों में हीथर नाइट ने खेलते हुए 2656 रन बनाए हैं। इसके अलावा 15 टेस्ट में नाइट ने 976 रन बनाए हैं।
लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड की हालत खराब
गौरतलब हो कि भारतीय महिला टीम के खिलाफ लॉर्ड्स के मैदान पर खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में 2 दिनों का खेल खत्म होने के बाद इंग्लैंड की हालत खराब है। क्रांति गौड़ और स्मृति मंधाना की बदौलत टीम इंडिया ने मजबूत पकड़ बना ली है। भारत की पहली पारी 285 पर सिमट गई थी। इसके जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी सिर्फ 170 रन पर सिमट गई। क्रांति गौड़ ने 5 विकेट हासिल किए। वहीं दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 154 रन बना लिए थे और उनकी कुल बढ़त 269 रनों की हो गई थी।
