ऋषभ पंत अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं। बात बल्लेबाजी की हो तो मैदान पर उनके आड़े-टेढ़े शॉट किसी भी गेंदबाज को चौंका देते हैं तो मैदान से बाहर वह मजाकिया अंदाज के लिए जाने जाते हैं। पंत का ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह धुरंधर से जुड़े सवाल का जवाब देते नजर आ रहे हैं। जब पूरी दुनिया आदित्य धर की धुरंधर देखने के लिए दीवानी हुई पड़ी है, ऐसे में पंत ने इसको लेकर ऐसा कुछ कहा है जो सुनने के बाद आदित्य धर को भी यकीन नहीं होगा।
ऋषभ पंत (साभार-X)
क्या पंत ने देखी है धुरंधर?
लखनऊ सुपर जायंट्स ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें पंत मस्ती करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनसे कई सवाल पूछे जाते हैं। पंत से उनके फेवरेट गाने के बारे में पूछा जाता है जिस पर उनका जवाब आता है कि उनका कोई भी गाना फेवरेट नहीं है। इसी बीच उनसे धुरंधर को लेकर सवाल किया जाता है। क्या आपने धुरंधर देखी है? इस पर पंत कहते हैं कि यहां फोन नहीं देखा दो दिन हो गए और तुम कह रहे हो फिल्म देखी?
1500 करोड़ कमा चुकी है धुरंधर
बॉक्स ऑफिस की बात करें तो आदित्य धर की धुरंधर एक ऐसी फिल्म साबित हुई है जिसकी तारीफ बड़े से बड़ा निर्देशक भी खुल कर रहा है। इस फिल्म ने अब तक वर्ल्डवाइड 1500 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर लिया। अकेले भारत ने इस फिल्म ने करीब 1100 करोड़ का बिजनेस कर लिया। इसकी कमाई अब भी लगातार जारी है। शायद ही कोई फिल्म समीक्षक हो जिन्होंने इस फिल्म और निर्देशक आदित्य धर की तारीफ ना की हो। यहां तक कि धोनी ने भी यह फिल्म देख ली है। ऐसे में पंत के इस जवाब से आदित्य धर भी चकित हो जाएंगे।
कप्तान के तौर पर खराब शुरुआत
पंत की वर्तमान स्थिति समझी जा सकती है। बतौर कप्तान उनके लिए लखनऊ का पहला सीजन खास नहीं रहा था और इस बार भी टीम को पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। पिछले सीजन नंबर 7 पर रहने वाली इस टीम को पहले मुकाबले में दिल्ली के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस मुकाबले में पंत ने खुद को प्रमोट किया था, लेकिन वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। उन्होंने 7 रन बनाए थे। लखनऊ का अगला मुकाबला रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद से है। यह मुकाबला दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा।
