न्यूयॉर्क: आईपीएल 2024 में खराब प्रदर्शन और पत्नी नताशा के साथ तलाक की खबरों के बीच स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या टीम इंडिया की जर्सी पहनते ही फॉर्म में लौट आए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ न्यूयॉर्क में शनिवार को खेले गए अभ्यास मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 5 विकेट पर 182 रन का स्कोर खड़ा किया। हार्दिक पांड्या ने 23 गेंद में 40 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की।
फॉर्म में लौटे हार्दिक पांड्या
भारतीय पारी के 15वें ओवर की चौथी गेंद पर शिवम दुबे के आउट होने के बाद हार्दिक बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरे। उन्होंने सधे हुए अंदाज में शुरुआत करते हुए चौथी गेंद में चौके के साथ अपना खाता खोला। इसके बाद उन्होंने अपने जाने पहचाने अंदाज में बल्लेबाजी की। दूसरे छोर पर कुछ देर उन्हें सूर्यकुमार यादव का साथ मिला। लेकिन उनके आउट होने के बाद भी पांड्या पिच पर डटे रहे और बांग्लादेश गेंदबाजों के खिलाफ हल्ला बोलते रहे।
खेली 23 गेंद में 40 रन की नाबाद पारी
पांड्या अंत में 23 गेंद में 40 रन बनाकर नाबाद पवेलियन वापस लौटे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 2 चौके और 4 छक्के जड़े। हार्दिक ऋषभ पंत के बाद टीम के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे। पंत ने 32 गेंद में 53 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के जड़े। हार्दिक का स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा 172.22 का रहा। वहीं पंत ने 165.66 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।
6 महीने बाद हुई है टीम इंडिया में वापसी
हार्दिक पिछले साल वनडे विश्व कप में चोटिल होने के बाद टीम में वापस लौटे हैं। 6 महीने में उन्होंने टीम में वापसी के लिए कड़ी मेहनत की लेकिन आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के लिए खेलते हुए धमाल नहीं कर सके। आईपीएल में हार्दिक 14 मैच में 18 के औसत और 143.05 के स्ट्राइक रेट से 216 रन बना सके। वहीं गेंदबाजी में 35.18 के औसत और 10.75 की इकोनॉमी से 11 विकेट अपने नाम किए। 31 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
