क्रिकेट

हार्दिक पांड्या हुए फिट, अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज के लिए मिली हरी झंडी

Hardik Pandya Fit To Play In IND vs AFG ODI Series: भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज से पहले टीम इंडिया और फैंस के लिए एक अच्छी खबर है। भारत के शीर्ष ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या फिट हो चुके हैं और उन्हें वनडे सीरीज में खेलने की इजाजत मिल गई है।

Image

हार्दिक पांड्या भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए फिट घोषित (Instagram/HardikPandya)

भारतीय क्रिकेट टीम के 32 वर्षीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अब पूरी तरह से फिट हो चुके हैं और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) की खेल विज्ञान टीम ने उन्हें रविवार से अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे अंतरराष्ट्रीय सीरीज (IND vs AFG ODI Series 2026) श्रृंखला में खेलने की इजाजत दे दी है।

हार्दिक पांड्या पीठ में ऐंठन के कारण मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल के कई मैच नहीं खेल पाए थे और दो जून से सीओई में हैं। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, "दो जून को सीओई में आने से पहले हार्दिक विदेश में छुट्टियां मना रहे थे। अगले पांच दिन में उन्होंने मैच जैसी कई स्थितियों में तैयारी की और 10 ओवर (पूरा कोटा) तक गेंदबाजी भी की।"

सूत्र ने कहा, "उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई और जानकारी के मुताबिक सीओई में स्ट्रेंथ और अनुकूलन कोच ने अलग-अलग पैमानों पर उनकी फिटनेस को मंजूरी दे दी है।" सोमवार को भारत के सहायक कोच सितांशु कोटक ने कहा था कि भले ही उनके पास पंड्या की फिटनेस के बारे में कोई ताजा जानकारी नहीं है लेकिन उन्हें लगता है कि यह ऑलराउंडर ठीक है।

पांड्या भारत की सीमित ओवरों की टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी हैं क्योंकि वह अपनी तेज गेंदबाजी और डेथ ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को संतुलन देते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि पांड्या ट्रेनिंग सत्र में 10 ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं जिसका मतलब है कि वह 50 ओवर के क्रिकेट की चुनौतियों के लिए तैयार हैं।

हालांकि यह साफ नहीं है कि पंड्या चंडीगढ़ में दूधिया रोशनी में होने वाले ट्रेनिंग सत्र के लिए टीम से जुड़ेंगे या सीधे धर्मशाला पहुंचेंगे जैसा कि पहले तय किया गया था। इस बीच पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी सीओई में अपने पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की तकलीफ की जांच करवा रहे हैं जिसके कारण वह हाल ही में हुए आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के लिए कई मैच नहीं खेल पाए थे।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article