क्रिकेट

IND vs WI 4th T20I: टीम इंडिया की सीरीज में बराबरी के बाद हार्दिक पांड्या ने भरी जीत की हुंकार

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Aug 13, 2023, 06:00 AM IST

वेस्टइंडीज के खिलाफ फ्लोरिडा के लॉडरहिल मैदान पर सीरीज के चौथे टी20 में 9 विकेट के अंतर से जीत के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने खिताबी जीत की हुंकार भरी है।

Image

हार्दिक पांड्या

Photo : AP

लॉडरहिल: हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने शनिवार को वेस्टइंडीज को अमेरिका के लॉडरहिल में खेले गए सीरीज के चौथे टी20 मुकाबले में 9 विकेट से जीत दर्ज करके सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली। टीम इंडिया सीरीज में 0-2 से पिछड़ने के बाद निर्णायक मुकाबले तक पहुंचने में सफल रही है। शनिवार को वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 178 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद टीम इंडिया ने जीत के लिए मिले 179 रन के लक्ष्य को सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल की आतिशी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत हासिल कर लिया।

गेंदबाज जिताते हैं मैच, रविवार को भी करना होगा ऐसा प्रदर्शन

चौथे टी20 में जीत के बाद हार्दिक ने निर्णायक मुकाबले में जीत की हुंकार भरते हुए कहा कि आखिरी मुकाबले में भी टीम के बल्लेबाजों को इसी तरह से जिम्मेदारी उठाकर गेंदबाजों का समर्थन करना होगा। भारतीय कप्तान ने कहा,'आगे बढ़ते हुए हमें बल्लेबाजी समूह के रूप में अधिक जिम्मेदारी लेनी होगी और गेंदबाजों का समर्थन करना होगा। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि गेंदबाज मैच जिताते हैं। यशस्वी और शुभमन आज शानदार थे। उनकी बल्लेबाजी देखकर बहुत अच्छा लगा।'

यशस्वी और गिल की प्रतिभा में नहीं है कोई संदेह

यशस्वी जायसवाल (नाबाद 84) और शुभमन गिल (77 रन) की आतिशी बल्लेबाजी और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 165 रन की साझेदारी के दम पर भारतीय टीम ने आसान जीत दर्ज की। हार्दिक ने गिल और यशस्वी की तारीफ करते हुए कहा, 'उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। जैसा कि हमने देखा है, उनके कौशल में कोई संदेह नहीं है। उन्हें बस क्रीज पर बीच कुछ समय बिताने की जरूरत थी।'

(भाषा इनपुट के साथ)

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article