Vaibhav Sooryavanshi: भारत के दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने 15 साल के सनसनी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। हरभजन का मानना है कि वैभव जैसा बेखौफ और आक्रामक बल्लेबाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेजोड़ है और उसे बांधकर रखना कोई विकल्प नहीं है, उसे रोकने का एक ही तरीका है - उस पर अटैक करके उसका विकेट लेना। पीटीआई को दिए पॉडकास्ट इंटरव्यू में हरभजन ने कहा, "वैभव सूर्यवंशी असाधारण हैं। वह एक अलग तरह का खिलाड़ी है। मैंने इससे पहले ऐसा खिलाड़ी नहीं देखा जो 14-15 साल की उम्र में ही दुनिया पर दबदबा बना सके।"
सूर्यवंशी ने मचाया तहलका
सूर्यवंशी ने 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए सिर्फ 14 साल की उम्र में डेब्यू कर आईपीएल के सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़कर पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में सेंचुरी का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया।इस साल उनका जलवा जारी रहा। 15 साल 99 दिन की उम्र में ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू कर वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बने। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उनकी 80 गेंदों में 175 रनों की पारी फाइनल इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है, जिसके दम पर भारत ने खिताब जीता और वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- गॉल के 'किंग' से टकराएगी टीम इंडिया, जयसूर्या-मेंडिस की जोड़ी ने 145 विकेट से मचाया कोहराम
आईपीएल में उन्होंने जसप्रीत बुमराह और पैट कमिंस जैसे वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर सबको हैरान कर दिया था।हरभजन ने कहा, "जब टॉप गेंदबाज उसे बॉलिंग कर रहे होते हैं तो वे सोच रहे होते हैं कि गेंद कहां डालें। यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है। वह गेंदबाज के मन में शक पैदा कर देता है।"
हरभजन ने बताया बचे रहने का तरीका
जब उनसे पूछा गया कि ऐसे बल्लेबाज को कैसे गेंदबाजी की जाए, तो भज्जी ने कहा, "बचे रहने का एक ही तरीका है, उस पर आक्रमण करो। आप उस पर अटैक करो और विकेट लो। कई बार आप बुरी तरह पिट भी सकते हैं, वह छक्के लगाएगा, लेकिन यही खेल है। आपको मानना होगा कि वह अच्छा खिलाड़ी है। मैं उसके हिसाब से फील्डिंग नहीं लगाऊंगा, अपने हिसाब से लगाऊंगा। अगर बचने के लिए बॉलिंग करोगे तो आउट नहीं कर पाओगे।"
